कॉलोनी में पानी की खेळ में तैरता मिला युवक का शव

परिजनों ने जताया हत्या का संदेह

चूरू,(पीयूष शर्मा)29 मई। शहर के वार्ड 36 से गुरुवार शाम को घर से निकले एक व्यक्ति का शव शुक्रवार सुबह पूनिया कॉलोनी में बनी पानी की खेळ में तैरता मिला।शहर की पूनिया कॉलोनी में शुक्रवार सुबह पशुओं के पानी पीने के लिए बनी खेल में युवक का शव तैरता हुआ मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई।

पुलिस के मुताबिक कबाड़ी का काम करने वाला वार्ड 36 निवासी उमरदीन (45) गुरुवार शाम करीब चार बजे अपने घर से निकला था। देर रात तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने फोन किया तो बंद मिला। सुबह पूनिया कॉलोनी से गुजर रहे लोगों ने पानी की खेळ में उमरदीन का शव तैरता देखकर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर पुलिस व परिजन पहुंचे। बताया जा रहा है कि युवक रात को अपने परिचितों के साथ पार्टी कर रहा था।

घटनास्थल पर पुलिस को मृतक युवक के मोबाइल के अलावा एक फोन, तौलिया, कुत्ते को बांधने वाली चैन, बनियान मिलने पर परिजनों ने हत्या का संदेह जताया। पुलिस ने राजकीय डीबी अस्पताल की मोर्चरी में मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने मृतक के भाई शौकत की ओर से दी गई रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की है।

You might also like