ठेकेदार ने फांसी का फंदा लगाकर की आत्महत्या

डी के सैनी

जयपुर (दैनिक नवयत्न ) । कानोता थाना क्षेत्र के राजेंद्र नगर में चालीस वर्षीय ठेकेदार द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने मृतक के परिजनों की रिपोर्ट पर एक व्यक्ति के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार सवाई माधोपुर के बामनवास निवासी वकील प्रजापत कानोता में परिवार सहित रहकर निर्माणाधीन मकानों का ठेका लेने का कार्य करते थे। गत दिनों पहले अपने कमरे में बिजली के तार से फंदा लगाकर लटके मिले। घर पहुंचे एक रिश्तेदार ने उन्हें इस हालत में देखा और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सवाई मानसिंह अस्पताल की मोर्चरी में पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। पुलिस को घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है।
इधर मृतक के बेटे सतीश ने गांव के परिचित कालूराम के खिलाफ मामला दर्ज करते हुए आरोप लगाया है कि कालूराम ब्याज का धंधा करता है और रुपयों के लेनदेन को लेकर पिछले तीन महीनों से उसके पिता को लगातार परेशान कर रहा था। परिजनों के अनुसार तीन माह पहले आरोपी उनकी कार ले गया था तथा जबरन खाली कागजात व स्टाम्प पर हस्ताक्षर करवा लिए थे। घटना वाले दिन सुबह भी आरोपी तीन-चार लोगों के साथ घर आया और कथित रूप से हाथापाई व जान से मारने की धमकी दी। पुलिस पूरे प्रकरण की जांच में जुटी है।

You might also like