मास्क-ग्लव्ज नहीं लगाने वाले स्वच्छता सेनानियों की नहीं होगी हाजरी: सैनी

चूरू,(पीयूष शर्मा)21 मई। शहर की सफाई व्यवस्था का दारोमदार संभाल रहे स्वच्छता सेनानियों को अब मास्क व ग्लव्ज अनिवार्य रूप से लगाना होगा। क्योंकि बिना इन सुरक्षा उपकरणों के सफाई कार्य के लिए आने वालों की अब हाजरी नहीं होगी।

गौरतलब है कि कोरोना संक्रमण की भयावहता को देखते हुए सभापति पायल सैनी ने गुरुवार को नवाचार के रूप में आदेश जारी कर हर कर्मचारी के लिए मास्क व ग्लव्ज लगाने की अनिवार्यता लागू की है। आगामी बारिश के मौसम को देखते हुए सभापति सैनी ने आयुक्त द्वारकाप्रसाद सहित अपनी पूरी टीम के साथ शहर के वार्ड नंबर 45 व 46 का दौरा किया। उन्होंने मौके पर मौजूद सफाई निरीक्षक व हल्का जमादारों को सुबह व दोपहर में बिना मास्क व ग्लव्ज लगाए आने वाले स्वच्छता सेनानियों को हाजरी पर नहीं लेने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि इन सुरक्षा उपकरणों के लिए सभी को एक-एक हजार रुपए दिए जा चुके हैं। सभापति ने दोनों वार्डों में सफाई व्यवस्था पर संतोष जाहिर कर दो दिनों में समस्त नाले नालियों की सफाई करवाने के निर्देश दिए। वार्ड पार्षदो की मांग पर बरसात के मौसम को देखते हुए 30 अतिरिक्त श्रमिक भी उपलब्ध करवाने का आश्वासन दिया। आयुक्त द्वारकाप्रसाद ने चांदनी चौक व माहेश्वरी भवन के आस-पास चल रहे भवन निर्माण कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने जमादार से निर्माण कार्य संबंधी स्वीकृति की जांच कर रिपोर्ट पेश करने के निर्देश दिए। इस दौरान सभापति के साथ अच्युतधर द्विवेदी, सफाई निरीक्षक मनोज कस्वा, पीआरओ किशन उपाध्याय, मनीराम, मुकेश एवं कन्हैयालाल, वार्ड पार्षद गोकुल शर्मा, विजय जालान, कुलदीप, गिरधारी लाल आदि मौजूद थे।

थड़ी वालों को बांटे मास्क
वार्डों का निरीक्षण कर लौटते समय सभापति ने सफेद घंटाघर से सुभाष चौक के बीच लगे थड़ी व ठेले वालों व ग्रामीण महिलाओं को मास्क व सैनेटाईजर बांककर इनका नियमित उपयोग करने की अपील की।

You might also like