चैनपुरा बड़ा की बहू देश की राजधानी दिल्ली में दे रही सेवाए
लगातार ड्यूटी के बाद किया 14 दिन के लिए क्वारेंटाइन
सादुलपुर,(राजेश राजपूत)21 मई। कोरोना जैसी महामारी के बीच निकटवर्ती गांव चैनपुरा बड़ा की बहू देश की राजधानी दिल्ली में एम्स अस्पताल में कोरोना के बीच मरीजों की सेवा कर कर्मयौद्धा बनकर क्षेत्र का नाम रोशन कर रही है। वहीं लगातार ड्यूटी के बाद चिकित्सकों ने उसे 14 दिनों के लिए क्वारेंटाइन किया है। गांव चैनपुरा बड़ा की बहू पूनम एम्स दिल्ली में नर्सिंग ऑफिसर के रूप में कार्यरत है तथा अपनी जिम्मेदारी के साथ कोरोना से जंग लड़ रही है एवं मरीजों की सेवा कर रही है। पूनम अस्पताल में कोरोना आईसीयू में गत दो माह से नियुक्त है। प्रतिदिन छह घंटे ड्यूटी करती है एवं दो महिने की ड्यूटी करने के बाद पूनम को चिकित्सकों ने 14 दिन के लिए क्वारेंटाइन किया है। कोरोना वायरस एवं लॉकडाउन के चलते पूनम अपने घर भी नहीं जा सकी है। पूनम के पति नरेन्द्र ने बताया कि पांच वर्ष की पुत्री को गत ढ़ाई-तीन महिने से वह संभाल रहा है तथा पूनम अपनी पुत्री से समय मिलने पर वीडियो कॉल करके बातकर उसे खुश करने का प्रयास करती है। वहीं परिवार के लोगों ने बताया कि वह अपनी बच्ची एवं बहू की काफी चिंता रखते हैं। लेकिन गर्व भी होता है कि संकटकाल के समय कोरोना यौद्धा के रूप में पीडि़तों की सेवा कर परिवार एवं गांव का नाम रोशन कर रही है। पूनम ने अपने अनुभवों को साझा करते हुए कहा कि महामारी को मजाक नहीं, गंभीरता से लोग समझें। उन्होंने बताया कि वह अपने साथी स्वास्थ्यकर्मियों के साथ कोरोना से जंगकर ड्यूटी निभा रही है। इसके अलावा पूनम अपने पति व ससुराल तथा पीहर सैजुसर चूरू में अपने माता-पिता को भी कोरोना से बचाव के लिए घरों से बाहर नहीं निकलने की प्रेरणा देती है तथा कहती है कि बाकी सब हम यहां लड़ाई लड़ रहे हैं एक दिन जंग जीत लेंगे।