कोरोना मुक्ति और वातावरण शुद्धि के लिए 500 घरों में हुआ हवन चंचल नाथ टीले से हुआ सीधा प्रसारण

सभी पंजीकृत धर्मावलंबियों ने प्रसारण के साथ ऑनलाइन दी आहुति

झुंझुनू,(अश्वनी शर्मा)31मई। झुंझुनू नागरिक मंच एवं सर्व समाज के तत्वावधान में कोरोनावायरस की  मुक्ति के लिए रविवार को एक साथ 500 घरों में हवन किया गया। कार्यक्रम संयोजक उमाशंकर महमियां एवं सह संयोजक कमल कांत शर्मा ने बताया कि 158 घरों में तांबे का हवन कुंड, हवन सामग्री, समिधा और आहुति देने के लिए मंत्रों की ऑडियो तथा पीडीएफ फाइल सोशल मीडिया के माध्यम से सभी परिवारों को साझा की गई थी।

जिसके माध्यम से जिले भर के 500 घरों में इस हवन को किया गया। राजस्थान भर में यह पहला मौका है जब किसी हवन जैसे आयोजन को ऑनलाइन एक ही समय में, एक ही मुहूर्त में, एक जैसे मंत्रों के साथ 500 घरों में एक साथ किया गया हो। रविवार को प्रातः 9:18 बजे से श्री चंचल नाथ टीले पर महंत ओम नाथ महाराज , विचार नाथ महाराज एवं गणेश मन्दिर के पुजारी के सानिध्य में हवन प्रारंभ किया गया जिसमें संयोजक उमाशंकर महमियां अपनी धर्मपत्नी दुर्गा देवी शर्मा, सह संयोजक कमल कांत शर्मा अपनी धर्मपत्नी चंदा देवी शर्मा, हरीश तुलस्यान अपनी धर्मपत्नी वीणा तुलस्यान, विकास पुरोहित अपनी धर्मपत्नी राधा शर्मा, विपुल छक्कङ अपनी धर्मपत्नी प्राची छक्कड़ के साथ इस यज्ञ में मुख्य यजमान के रूप में शामिल हुए।

इन पांच जोड़ों ने चंचल नाथ टीले पर पंडित मुकेश महमिया, पंडित रोहित पुजारी, पंडित पुनीत पुरोहित, पंडित राजेश दंड, पंडित सीताराम शर्मा आदि विद्वान पंडितों के आचार्यत्व में विधि विधान के साथ मंगल शांति एवं महामृत्युंजय के संपुट सहित मूल मंत्रों की आहुतियां दी। कोरोना वायरस की समाप्ति के लिए किये गए इस हवन को झुंझुनू एकेडमी जीवेम ग्रुप के चेयरमैन दिलीप मोदी के माध्यम से लाइव दिखाया गया। जिसमें झुंझुनू जिले भर में घर पर हवन करने वाले 500 परिवार जुड़े हुए थे।

इस हवन कार्यक्रम में विशेष प्रकार की हवन सामग्री समिधा व मंत्रों का उपयोग किया गया जिससे हर प्रकार की बीमारियों के कीटाणु, वायरस इत्यादि का नाश होकर वातावरण पूर्णतया शुद्ध होता है। झुंझुनूं के साथ देश विदेश में भी लोगों ने ऑनलाइन जुङकर अपने घरों में हवन किया। जिसमें दोहा कतर प्रवासी विक्रम मिश्रा ने परिवार के साथ, अमेरिका वाशिंगटन में सिद्धांत शर्मा ने, जयपुर में भाजपा जिला महामंत्री राजेन्द्र भांभू एवं उनकी धर्मपत्नी अंजू ने, अहमदाबाद में सुरेश शर्मा मनफरा ने परिवार सहित ऑनलाइन यज्ञ में भाग लिया।

उमाशंकर महमिया व कमल कान्त शर्मा ने बताया कि नेपाल काठमांडू के पशुपतिनाथ मंदिर के पूर्व महंत अनंत भट्ट के द्वारा बताया गया यह मुहूर्त अत्यंत महत्वपूर्ण था जिसमें यज्ञ करने वालों को यश , कीर्ति , समृद्धि, सुख- शांति की प्राप्ति के साथ निरोगी काया भी होगी। ऐसा मुहूर्त कई वर्षों में एक बार आता है जिसके अंदर किए गए विशेष प्रकार के हवन से अनेक प्रकार के लाभ होते हैं। इसी मुहूर्त में किए गए इस यज्ञ से झुंझुनू जिले के वातावरण में सुधार आएगा। कोरोना के रोगियों को तुरंत ही लाभ मिलेगा और विश्व शांति की कामना से किए गए इस यज्ञ से अनेक प्रकार के लाभ प्राप्त होंगे।

इस यज्ञ कार्यक्रम की व्यवस्था में डाॅक्टर दयाशंकर व सरला बावलिया, विनोद सिंघानिया, संजय पारीक, देवेंद्र मोहन छक्कङ, सौरभा सोनी, नारायण जालान, जीबी मोदी प्रिंसिपल रंजना मित्तल, पवन पुजारी, सूरज शर्मा, हरफूल बंशीलाल, सुरेन्द्र बंशीलाल, नरेश पुरोहित, मनोज व्यास, नीरज पुरोहित, पतंजलि योग के पवन सैनी, विजेन्द्र हटवाल, सुखचैन चांवरिया ने पूर्ण सहयोग किया।

You might also like