अनाधिकृत निर्माण पर निगम की कार्रवाई

डी के सैनी

जयपुर(दैनिक नवयत्न ) । नगर निगम जयपुर ने सोमवार को हवा महल-आमेर जोन में अनाधिकृत निर्माण के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए दो भवन और चार दुकानों को सीज कर दिया। यह कार्रवाई निगम आयुक्त डॉ. गौरव सैनी के निर्देश पर की गई।
जोन उपायुक्त सीमा चौधरी ने बताया कि हैरिटेज स्वरूप से छेड़छाड़ कर बिना स्वीकृति निर्माण करने पर कार्रवाई की गई है। शहर में भवन स्वरूप के विपरीत और अनाधिकृत निर्माण की लगातार मिल रही शिकायतों तथा नोटिस के बावजूद निर्माण कार्य जारी रखने पर दो भवनों को सीज किया गया।
इनमें चन्द्रशेखर आजाद कॉलोनी, स्कीम नंबर-03, मीणा कॉलोनी नाले के पास, चौकड़ी हवाली शहर शर्की शुमाली, जयपुर में प्रथम व द्वितीय फ्लोर का अनाधिकृत निर्माण तथा चन्द्रशेखर आजाद कॉलोनी, मीणा कॉलोनी नाले के पास स्थित भवन में प्रथम फ्लोर का बिना अनुमति निर्माण शामिल है।
उपायुक्त ने बताया कि निर्माणकर्ताओं को पहले नोटिस जारी किए गए थे, लेकिन निर्माण कार्य बंद नहीं करने पर सीजर की कार्रवाई करनी पड़ी।
जोन निरीक्षण के दौरान कई व्यापारिक प्रतिष्ठान भी बिना सक्षम स्वीकृति के निर्माण करते पाए गए, जिस पर निगम की टीम ने मौके पर ही चार दुकानों को सीज कर दिया।
यह कार्रवाई हवामहल-आमेर जोन उपायुक्त सीमा चौधरी, सतर्कता शाखा, भवन शाखा और जोन टीम की ओर से संयुक्त रूप से की गई।

You might also like