एटीएम कार्ड बदलकर धोखाधड़ी करने वाला 5 हजार का इनामी बदमाश गिरफ्तार
डी. के. सैनी
जयपुर (नवयत्न) । सुभाष चौक थाना पुलिस ने एटीएम कार्ड बदलकर धोखाधड़ी करने वाले एक अंतरराज्यीय गिरोह के शातिर बदमाश को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार आरोपी इस्ताक खान पर पांच हजार रुपये का इनाम घोषित था। आरोपी ने पूछताछ में जयपुर सहित राजस्थान, हरियाणा और दिल्ली में 100 से अधिक वारदातें करना कबूल किया है।
पुलिस उपायुक्त (उत्तर) करण शर्मा ने बताया कि जयपुर शहर में चलाये जा रहे एरिया डोमिनेशन अभियान के तहत वांछित अपराधियों की धरपकड़ के निर्देश दिए गए थे। इसके लिए अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त नीरज पाठक और सहायक पुलिस आयुक्त (माणक चौक) पीयूष कविया के सुपरविजन में थानाधिकारी कृष्ण कुमार के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। इस टीम ने तकनीकी सहायता और मुखबिर की सूचना पर दबिश देकर आरोपी इस्ताक खान (30) निवासी सोहना (हरियाणा) को गुरुग्राम से गिरफ्तार किया।
थानाधिकारी कृष्ण कुमार के अनुसार आरोपी के खिलाफ सुभाष चौक थाने में धोखाधड़ी का मामला दर्ज था। आरोपी फिलहाल पुलिस रिमांड पर है, जिससे गिरोह के अन्य सदस्यों और अन्य वारदातों के संबंध में गहन पूछताछ की जा रही है । जांच में सामने आया है कि यह गिरोह एटीएम बूथ पर मदद के बहाने लोगों के कार्ड बदल लेता था और फिर उनके खातों से पैसे पार कर देता था। आरोपित इस्ताक खान एक शातिर अपराधी है, जिसके खिलाफ दिल्ली और हरियाणा में कई मामले दर्ज हैं। इस कार्रवाई करने वाली टीम में उपनिरीक्षक ग्यारसी लाल, हेड कांस्टेबल दुलीचन्द (तकनीकी सहायक), कांस्टेबल अनिल कुमार और श्रीराम शामिल थे।