खेल विश्वविद्यालय की मांग: सांसद बृजेंद्र सिंह ओला ने लोकसभा में उठाया मुद्दा
संजय सोनी
झुंझुनूं (नवयत्न)। झुंझुनूं से सांसद बृजेंद्र सिंह ओला ने गुरुवार को लोकसभा में शून्यकाल के दौरान शेखावाटी क्षेत्र के युवाओं से जुड़े एक अहम मुद्दे को प्रभावशाली तरीके से उठाया। उन्होंने केंद्र सरकार से झुंझुनूं जिले में एक खेल विश्वविद्यालय अथवा राष्ट्रीय स्तर के खेल संस्थान की स्थापना करने की मांग की।
सांसद ओला ने अपने संबोधन में कहा कि झुंझुनूं सहित पूरा शेखावाटी क्षेत्र देश में अपनी विशिष्ट पहचान रखता है। यहां के युवाओं की सेना में उल्लेखनीय भागीदारी, उच्च शैक्षणिक उपलब्धियां और खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन देशभर में सराहनीय है। इस क्षेत्र ने देश को अनेक वीर सैनिकों के साथ-साथ राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के प्रतिभाशाली खिलाड़ी दिए हैं, जिन्होंने भारत का नाम रोशन किया है।
उन्होंने चिंता जताते हुए कहा कि इतनी समृद्ध खेल प्रतिभा होने के बावजूद क्षेत्र में आधुनिक खेल सुविधाओं और उच्च स्तरीय प्रशिक्षण संस्थानों की भारी कमी है। इस कारण यहां के खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण के लिए बड़े शहरों की ओर रुख करना पड़ता है, जिससे कई प्रतिभाएं आर्थिक और पारिवारिक कारणों से आगे नहीं बढ़ पातीं।
सांसद ने मांग की कि झुंझुनूं में पटियाला स्थित राष्ट्रीय खेल संस्थान की तर्ज पर एक उच्च स्तरीय खेल विश्वविद्यालय या संस्थान स्थापित किया जाए। इससे स्थानीय युवाओं को अपने ही क्षेत्र में गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण और बेहतर अवसर मिल सकेंगे।
उन्होंने विश्वास जताया कि यदि इस दिशा में ठोस कदम उठाए जाते हैं, तो न केवल झुंझुनूं बल्कि पूरे शेखावाटी क्षेत्र से देश को और अधिक उत्कृष्ट खिलाड़ी मिलेंगे और भारत खेल जगत में नई ऊंचाइयों को छू सकेगा।