निम्बी जोधा अस्पताल में वरिष्ठ फिजिशियन लगवाने की मांग

अबूबकर बल्खी
लाडनूं (नवयत्न)।  निम्बी जोधा राजकीय चिकित्सालय में चिकित्सकों की कमी को लेकर जिला प्रभारी मंत्री कन्हैया लाल चौधरी
को ज्ञापन सौंपकर यहां वरिष्ठ फिजिशियन की नियुक्ति करवाने की मांग की गई है। समाजसेवी हरीराम खीचड़ ने बताया की निम्बी जोधा उपतहसील बड़ा गांव होने के बावजूद यहां राजकीय अस्पताल में विशेषज्ञ चिकित्सकों की कमी बनी हुई है। अस्पताल में वरिष्ठ फिजिशियन नहीं होने से मरीजों को सामान्य उपचार और जांच के लिए भी लाडनूं व डीडवाना केंद्रों पर जाना पड़ता है। इससे मरीजों को आर्थिक, मानसिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ज्ञापन में कहा गया है कि निम्बी जोधा सहित आसपास के करीब 15 से 20 गांवों की बड़ी आबादी इस अस्पताल पर निर्भर है। वहीं क्षेत्र से होकर दो राष्ट्रीय राजमार्ग गुजरते हैं, जिससे दुर्घटना के मामलों में भी मरीजों को सबसे पहले इसी अस्पताल में लाया जाता है। चिकित्सकों की कमी के कारण अधिकांश मरीजों को उच्च चिकित्सा केंद्रों के लिए रेफर करना पड़ता है। खीचड़ ने अस्पताल में शीघ्र एक वरिष्ठ फिजिशियन की नियुक्ति दिलवाने की मांग की है ताकि ग्रामीणों को स्थानीय स्तर पर बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध हो सकें। खीचड़ ने बताया कि आगामी एक सप्ताह के भीतर ग्रामीणों की इस समस्या का समाधान नहीं होता है तो आंदोलन करना पड़ेगा।
You might also like