सैनिक एक्सप्रेस का हरिद्वार तक विस्तार करने की मांग
संजय सोनी
झुंझुनू (नवयत्न)। स्थानीय रेलवे स्टेशन पर गुरुवार सुबह रेलवे की ओर से अमृत जन संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें रेलवे अधिकारियों ने शेखावाटी रेल विकास संघर्ष समिति के पदाधिकारियों के साथ यात्रियों की समस्याओं और रेल सुविधाओं से जुड़ी मांगों पर चर्चा की। अधिकारियों ने समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाने का भरोसा दिलाया। कार्यक्रम में रेलवे के परिवहन निरीक्षक राजेन्द्र तंवर, सीआरएस सुरेश यादव, स्टेशन मैनेजर नरेन्द्र गहलोत और जीआरपी के एएसआई राजेश यादव ने समिति के पदाधिकारियों से संवाद किया। समिति अध्यक्ष प्रदीप अग्रवाल के नेतृत्व में चन्द्रप्रकाश धूपिया, श्रवण कुमार गोयनका, अली हसन परवेज, जाकिर अब्बासी, जुल्फिकार अली खान, अनिल शर्मा, विनोद खन्ना, भोपाल सिंह पटवारी, कैप्टेन मोहनलाल और रामप्रताप आर्य सहित अन्य सदस्यों ने अधिकारियों का स्वागत कर विभिन्न मांगें रखी।
नई ट्रेनों और मौजूदा ट्रेनों के विस्तार की मांग
समिति ने झुंझुनूं रेलवे स्टेशन को खेतड़ी, मंडावा, बिसाऊ, सादुलपुर और उदयपुरवाटी से रेल मार्ग के जरिए जोड़कर जंक्शन बनाने की मांग की। इसके साथ ही सैनिक एक्सप्रेस का विस्तार हरिद्वार तक करने तथा जयपुर जाते समय नूआं रेलवे स्टेशन पर ठहराव देने की मांग उठाई। हिसार-मुंबई दूरंतो एक्सप्रेस में सेकंड स्लीपर श्रेणी के पांच अतिरिक्त डिब्बे जोड़ने, सूरत और बोरीवली में ठहराव शुरू करने तथा ट्रेन को प्रतिदिन चलाने की मांग की गई। इसी प्रकार हिसार-खड़की एक्सप्रेस में डिब्बों की संख्या बढ़ाकर इसे भी प्रतिदिन संचालित करने की मांग रखी गई। समिति ने झुंझुनूं होकर जोधपुर-दिल्ली, जयपुर-कोलकाता, जयपुर-गुवाहाटी, हिसार-अहमदाबाद-मुंबई, जयपुर-लोहारू, लोहारू-जयपुर और लोहारू-सवाई माधोपुर के लिए नई ट्रेनें चलाने की मांग की। साथ ही बिसाऊ, रतन शहर और नूआं रेलवे स्टेशनों पर सभी एक्सप्रेस ट्रेनों का ठहराव सुनिश्चित करने की बात कही।
स्टेशन पर यात्री सुविधाएं बढ़ाने पर जोर
समिति ने झुंझुनूं रेलवे स्टेशन के पार्किंग क्षेत्र में शौचालय बनाने तथा नई बिल्डिंग में निर्मित पे एंड यूज टॉयलेट, वातानुकूलित वेटिंग हॉल, क्लॉक रूम और रेस्टोरेंट की सुविधाएं शुरू करने की मांग की। इसके अलावा स्टेशन से गुढ़ा फाटक तक रेलवे पटरी के दोनों ओर फेंसिंग करवाने और स्टेशन पर सफाई कर्मचारियों की संख्या बढ़ाने का मुद्दा भी उठाया गया। बैठक में रेलवे में ठेकेदारी प्रथा बंद करने और यात्रियों को रेल सुरक्षा एवं सुविधाओं के प्रति जागरूक करने के लिए जागरूकता कार्यक्रम चलाने पर भी चर्चा हुई। समिति ने उम्मीद जताई कि रेलवे प्रशासन इन मांगों पर गंभीरता से विचार कर शेखावाटी क्षेत्र के रेल यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाएगा।