स्टेडियम परिसर में वाहनों की आवाजाही बंद करवाने की मांग
अबूबकर बल्खी
लाडनूं (नवयत्न) । रेलवे अंडरपास निर्माण के चलते नगरपालिका द्वारा बाईपास रोड़ से खेल स्टेडियम से होकर निकाला गया अस्थाई मार्ग खेल प्रेमियों के लिए खतरा बन गया है। यहां यातायात दबाव के चलते दिनभर बड़े वाहनों का गुजर होता है जिससे खिलाड़ियों में अपनी सुरक्षा को लेकर चिंता होने लगी है। खेल प्रेमियों ने नगरपालिका अधिशाषी अधिकारी हरेंद्र चौधरी को ज्ञापन देकर बताया कि स्थानीय एसआर गुहराय स्टेडियम के अंदर ग्रीन घास वाले खेल मैदान के बीच से लगातार दोपहिया एवं चार पहिया वाहनों की आवाजाही हो रही है। इससे मैदान की घास एवं खेल परिसर को नुकसान होने लगा है। तथा मैदान में अभ्यास करने वाले खिलाड़ियों की सुरक्षा को भी गंभीर खतरा उत्पन्न हो गया है। हर समय वाहनों की आवाजाही के कारण किसी भी समय खिलाड़ियों को चोट लगने या दुर्घटना कारित होने की संभावना बनी हुई है। ज्ञापन में बताया कि खेल मैदान खिलाड़ियों के अभ्यास एवं खेल गतिविधियों के लिए सुरक्षित स्थान होना चाहिए। इसलिए यहाँ से वाहनों का प्रवेश पूर्णतः प्रतिबंधित किया जाना आवश्यक बताया है। इसके साथ ही स्टेडियम परिसर में वाहनों के प्रवेश एवं आवाजाही पर तत्काल रोक लगाने , खिलाड़ियों की सुरक्षा की दृष्टि से उचित बैरिकेडिंग की व्यवस्था करवाने की मांग भी रखी गई है।