खेतड़ी पंचायत समिति परिसर में आचार संहिता की पालना पर सवाल
निसं
खेतड़ी (नवयत्न)। पंचायत चुनाव को लेकर आदर्श आचार संहिता लागू होने के दो दिन बाद भी खेतड़ी पंचायत समिति परिसर की दीवारों पर पोस्टर और प्रचार सामग्री लगी दिखाई दी। सरकारी कार्यालय परिसर में ही प्रचार सामग्री नहीं हटाए जाने से आचार संहिता की पालना को लेकर सवाल उठ रहे हैं। पंचायत समिति परिसर में विभिन्न स्थानों पर दीवारों पर पोस्टर लगे हुए हैं। आचार संहिता लागू होने के बाद सार्वजनिक स्थानों पर राजनीतिक प्रचार-प्रसार से संबंधित पोस्टर, बैनर और अन्य सामग्री हटाने की कार्रवाई की जानी है। पंचायत समिति में विकास अधिकारी सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारियों का नियमित आवागमन रहता है, इसके बावजूद पोस्टर लगे होना चर्चा का विषय बना हुआ है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पंचायत समिति जैसे सरकारी परिसर में समय पर प्रचार सामग्री हटाई जानी चाहिए, ताकि आमजन में भी आचार संहिता की पालना को लेकर स्पष्ट संदेश जाए। लोगों ने पंचायत समिति परिसर सहित क्षेत्र के सार्वजनिक स्थानों से प्रचार सामग्री हटाने की मांग की है।
3 अक्टूबर को लागू हुई थी आचार संहिता
खेतड़ी में जिला परिषद सदस्य, पंचायत समिति सदस्य और सरपंच के चुनाव चौथे चरण में होने हैं। इसके लिए 3 अक्टूबर को आदर्श आचार संहिता लागू हुई थी। ऐसे में चुनावी प्रचार सामग्री हटाने की कार्रवाई को लेकर प्रशासन की भूमिका पर नजर है।
विकास अधिकारी बोले- कर्मचारी लगे हैं
इस संबंध में विकास अधिकारी घनश्याम ने बताया कि प्रचार सामग्री हटाने के लिए कर्मचारी लगाए गए हैं। पंचायत समिति परिसर से भी पोस्टर जल्द हटाकर आदर्श आचार संहिता के नियमों की पालना सुनिश्चित की जाएगी।