जर्जर पानी की टंकी दे रही हादसे को न्योता, जिम्मेदारों की अनदेखी से ग्रामीण चिंतित
मधु दहिया
बुहाना (नवयत्न) । धुलवा गांव में जर्जर पानी की टंकी हादसे को न्योता दे रही है। वार्ड नंबर 11 में नोहरा गिरधारी सिंह शेखावत के घर के सामने बनी पानी की टंकी लंबे समय से जर्जर हालत में है। टंकी की दीवारों से लगातार पानी का रिसाव हो रहा है। टंकी की मौजूदा हालत को देखते हुए ग्रामीणों में कभी भी बड़ा हादसा होने की आशंका बनी हुई है। ग्रामीणों के अनुसार टंकी काफी पुरानी और कमजोर हो चुकी है। जगह-जगह से पानी रिसने के कारण इसकी दीवारें खराब हो रही हैं। टंकी के आसपास लोगों की आवाजाही भी रहती है, ऐसे में इसके गिरने या किसी हिस्से के टूटने से हादसा होने की आशंका है। ग्रामीणों का कहना है कि लंबे समय से टंकी की हालत खराब है, लेकिन जिम्मेदार विभाग और पंचायत प्रशासन की ओर से अब तक प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। यदि समय रहते टंकी की मरम्मत नहीं कराई गई या इसे सुरक्षित तरीके से हटाने की व्यवस्था नहीं की गई तो बड़ा हादसा हो सकता है। ग्रामीणों ने संबंधित विभाग और ग्राम पंचायत प्रशासन से टंकी का तत्काल निरीक्षण करवाने तथा उसकी स्थिति के अनुसार मरम्मत या सुरक्षित तरीके से समाधान करवाने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि हादसा होने का इंतजार करने के बजाय प्रशासन को समय रहते कार्रवाई करनी चाहिए।