कोतवाली के बाद कलक्ट्रेट में दूसरे दिन फिर बेनतीजा रही व्यापारियों की बैठक
प्रतिष्ठान खोलने के अनुमति आदेशों में संशोधन से प्रशासन का इनकार
चूरू,(पीयूष शर्मा)4 मई। 11 अप्रैल के बाद एक भी कोरोना पॉजिटिव नहीं मिलने के कारण चूरू शहर ग्रीन जोन में आने के बाद जिला प्रशासन की ओर से कफ्र्यू हटाकर लॉकडाउन में दी गई सीमित छूट आगामी 17 मई लागू रहेंगी। ऐसे में शहर के व्यापारी प्रशासन की ओर से तय वार के मुताबिक ही अपने प्रतिष्ठान खोल सकेंगे। चार मई को कलक्ट्रेट सभागार में एसडीएम अवि वर्ग के साथ दुबारा हुई वार्ता में व्यापारियों ने अपनी मांग रखी। व्यापारियों का कहना था कि लॉकडाउन में ढील देते हुए प्रशासन की ओर से दिया गया तीन दिन दांयी व तीन दिन बांई साइड के प्रतिष्ठान खोलने का आदेश अव्यवहारिक है। ऐसे में या तो सभी प्रतिदिन नियमित रूप से चार घंटे तय अवधि में खोलने की अनुमति दी जाए। या फिर एक-एक दिन दांई-बाई साइड के प्रतिष्ठान खोलने के आदेश जारी किए जाएं। काफी देर तक चली चर्चा के बाद एसडीएम गर्ग ने फिलहाल राज्य सरकार व प्रशासन की ओर से पूर्व में जारी अनुमति आदेशों की पालना करने की बात कहते हुए किसी भी तरह के संशोधन से मना कर दिया। हालांकि उन्होंने कहा कि इस संबंध में कलक्टर संदेश नायक से चर्चा कर कोई समाधान निकाला जाएगा। अन्यथा व्यापारी पूर्ववर्ती आदेशों के मुताबिक अपने प्रतिष्ठान खोलें। नगर परिषद आयुक्त द्वारकाप्रसाद की मौजूदगी में हुई बैठक में कपड़ा व्यापार मंडल अध्यक्ष सुनील भाऊवाला, थोक व्यापारी रामरतन बजाज मुन्ना, थोक व्यापारी हरीश बजाज, सर्राफा व्यापारी विमल सोनी सहित अन्य व्यापारी मौजूद थे।
रात को कोतवाली में भी विफल रही थी वार्ता प्रशासन से वार्ता से पहले शहर के गढ़ क्षेत्र के व्यापारियों ने तीन मई की शाम को आदेशों में संशोधन की मांग को लेकर कोतवाली थाने में डीएसपी, तहसीलदार, आयुक्त नगर परिषद की मौजूदगी में वार्ता की थी। मगर व्यापारियों की आपसी गर्मा-गर्मी के साथ करीब एक घंटे चली बैठक के बाद दूसरे दिन सोमवार को प्रशासन से वार्ता के बाद बाजार खोलने का निर्णय लेकर बैठक समाप्त कर दी गई थी। बैठक में पवन बगडिय़ा, महेंद्र राजगढिय़ा, मुरलीधर ऊंटवालिया, श्रवण बजाज, अमर मोरानी, केवल सिंधी, संदीप अग्रवाल, हरीश बजाज, मनोज बजाज व शुभम बजाज आदि व्यापारी मौजूद थे।
अनेक व्यापारियों ने नहीं खोले प्रतिष्ठान, जताया विरोध कोतवाली में वार्ता विफल होने व प्रशासन व परिषद के आदेशों में असमंजस होने के कारण गढ़ क्षेत्र में कुछ एक व्यापारियों ने विरोध स्वरूप अपने प्रतिष्ठान नहीं खोले। शहर के बाकी क्षेत्र में कहीं दोनों तरफ तो कहीं एक साइड के प्रतिष्ठान खुले मिले।
शाम को कलक्टर-एसपी पहुंचे बाजार में सोमवार शाम को कलक्टर संदेश नायक व एसपी तेजस्वीनि गौतम ने प्रशासनिक अधिकारियों के साथ मुख्य बाजारों का जायजा लिया। इस दौरान कलक्टर ने आमजन व व्यापारियों से लॉकडाउन व प्रशासन के आदेशों की पालना करने का आह्वान किया।