लाडनूं में नामांकन के अंतिम दिन उमड़ा चुनावी उत्साह

अबूबकर बल्खी
लाडनूं (नवयत्न)। पंचायत समिति सदस्य चुनाव के नामांकन दाखिल करने के अंतिम दिन बुधवार को उपखंड कार्यालय क्षेत्र में चुनावी सरगर्मियां नजर आईं। सुबह से ही भाजपा, कांग्रेस और आरएलपी के प्रत्याशी विभिन्न गांवों से अपने समर्थकों के साथ ढोल-नगाड़ों की गूंज के बीच नामांकन दाखिल करने पहुंचे। उपखंड कार्यालय परिसर में दिनभर नामांकन प्रक्रिया को लेकर गहमागहमी बनी रही। प्रत्याशी अपने समर्थकों के साथ नामांकन दाखिल करने पहुंचे। पंचायत समिति सदस्य चुनाव में 27 वार्डों के लिए कांग्रेस, भाजपा और आरएलपी एवं निर्दलीय सहित 146 प्रत्याशियों ने 164 नॉमिनेशन फॉर्म दाखिल किए हैं। वहीं फॉर्म हेल्प डेस्क पर नामांकन पत्रों की जांच करवाने और आवश्यक जानकारी लेने के लिए भी बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जुटी रही। रिटर्निंग अधिकारी ममता लहुआ एवं एआरओ कूटेंद्र कंवर के निर्देशानुसार चुनावी व्यवस्थाएं चाक-चौबंद नजर आईं। भाजपा नेता करणी सिंह ने मीडिया से रूबरू होते हुए कहा कि इस बार भाजपा पूरे जोर-शोर से पंचायत समिति चुनाव के मैदान में उतरी है। पार्टी पूरी मजबूती के साथ चुनाव लड़ रही है और कार्यकर्ताओं में भी उत्साह है। उन्होंने कहा कि आगामी चुनाव में पंचायत समिति प्रधान पद पर भाजपा का कब्जा रहेगा। गौरतलब है कि लाडनूं पंचायत समिति के 27 वार्डों के लिए आगामी 14 नवंबर को चुनाव होना है।

You might also like