राजस्थान राज्य जिम्नास्टिक्स संघ के चुनाव शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न
श्रीराम तिवाड़ी
नोखा (नवयत्न) । राजस्थान राज्य जिम्नास्टिक्स संघ के वर्ष 2026-2030 कार्यकाल हेतु चुनाव रविवार को सौहार्दपूर्ण, लोकतांत्रिक एवं पूर्ण पारदर्शिता के साथ सम्पन्न हुए। चुनाव प्रक्रिया संघ के पंजीकृत उपविधियों के अनुसार आयोजित की गई तथा पूरी कार्यवाही शांतिपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुई।
चुनाव अधिकारी एडवोकेट रामगोपाल शर्मा की देखरेख में आयोजित चुनाव में जिम्नास्टिक्स फेडरेशन ऑफ इंडिया की ओर से ऑब्जर्वर ओ. पी. रणौत, राजस्थान राज्य ओलंपिक संघ की ओर से सी. पी. जोशी तथा राजस्थान राज्य खेल परिषद की ओर से वाई. बी. सिंह उपस्थित रहे।
चुनाव में चैन सिंह राठौड़ को अध्यक्ष निर्वाचित किया गया। उपाध्यक्ष पद पर विक्रम सिंह भाटी, हिम्मत सिंह चौहान, अनुराग आर्या एवं कैलाश चन्द्र मुंद्रा निर्वाचित हुए।
मानद सचिव पद पर परमेश्वर प्रजापत तथा कोषाध्यक्ष पद पर युवा चार्टर्ड अकाउंटेंट एवं वरिष्ठ खेल प्रशासक सीए सुदीश कुमार शर्मा निर्वाचित हुए। संयुक्त सचिव पद पर हितेश मुद्गल, अरविंद पराशर, हरपाल सिंह, राधा किशन बैरवा एवं डॉ. भारत सिंह निर्वाचित घोषित किए गए। कार्यकारिणी सदस्य के रूप में डॉ. शक्ति सिंह रावलोत, प्रदीप सिंह, भंवर लाल गौरी, हरि सिंह राठौड़, जितेंद्र सिंह चौहान एवं श्रीमती डिम्पल सोलंकी निर्वाचित हुए।
विशेष रूप से सीए सुदीश कुमार शर्मा के निर्वाचित होने पर खेल जगत में हर्ष का वातावरण रहा। सीए शर्मा वर्तमान में बीकानेर ओलंपिक संघ के अध्यक्ष एवं जिला जिम्नास्टिक्स संघ, बीकानेर के अध्यक्ष हैं तथा लंबे समय से खेल एवं सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। स्वयं एक खिलाड़ी पृष्ठभूमि से जुड़े होने के कारण उन्होंने सदैव खिलाड़ियों के प्रोत्साहन, खेल सुविधाओं के विस्तार एवं युवा प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने हेतु निरंतर कार्य किया है। नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने राजस्थान में जिम्नास्टिक्स खेल को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने, खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण एवं अवसर उपलब्ध कराने तथा ग्रामीण एवं शहरी स्तर पर खेल गतिविधियों को मजबूत करने का संकल्प व्यक्त किया। कार्यक्रम के अंत में सभी सदस्यों एवं प्रतिनिधियों ने संगठन की एकता, खेल भावना एवं सकारात्मक सहयोग के साथ कार्य करने का विश्वास व्यक्त किया।