बच्चों के संस्कार निर्माण और सर्वांगीण विकास पर जोर
अबूबकर बल्खी
लाडनूं (नवयत्न) । अणुव्रत समिति लाडनूं की महत्वपूर्ण बैठक अणुव्रत भवन में आयोजित हुई। बैठक में बच्चों के संस्कार निर्माण, व्यक्तित्व विकास पर चर्चा की गई। बैठक में विशेष रूप से राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रतापसिंह दूगड़ तथा किड्जोन के राष्ट्रीय प्रभारी चमन दूधोडिया उपस्थित रहे। अपने संबोधन में प्रतापसिंह दूगड़ ने कहा कि बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए किड्जोन एक प्रभावी माध्यम बन सकता है। उन्होंने बताया कि बच्चों को खेल-खेल में नैतिक मूल्यों एवं व्यवहारिक ज्ञान से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा। बैठक की अध्यक्षता स्थानीय समिति के अध्यक्ष शांतिलाल बैद ने की। उन्होंने अणुव्रत समिति के कार्यों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने के लिए बच्चों और युवाओं में संस्कारों का विकास अत्यंत आवश्यक है। शिविर के माध्यम से बच्चों और युवाओं को मोबाइल के दुष्परिणाम व डिजिटल डिटाक्स के साथ नैतिक शिक्षा, व्यक्तित्व विकास तथा संस्कार निर्माण से जोड़ने की रूपरेखा तैयार की गई। बैठक में समिति के वरिष्ठ उपाध्यक्ष डॉ. वीरेन्द्र भाटी मंगल, उपाध्यक्ष प्रकाश सुराणा, वरिष्ठ सदस्य पुरुषोत्तम सोनी, मंत्री राज कोचर, प्रेमलता बैद, नवीन नाहटा, सपना जैन भंसाली, राधेश्याम शर्मा, कमला चौरडिया सहित अनेक सदस्य उपस्थित रहे।