गुणवत्ता के साथ सुनिश्चित हो निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़े सभी कार्य : सुराणा

निसं
बीदासर (नवयत्न)। जिला निर्वाचन अधिकारी (कलक्टर) अभिषेक सुराणा एवं पुलिस अधीक्षक निश्चय प्रसाद एम ने शुक्रवार को बीदासर उपखंड मुख्यालय पर ज्ञान ज्योति उच्च माध्यमिक विद्यालय में ईवीएम संग्रहण केंद्र, स्ट्रॉन्ग रूम और मतगणना स्थल व्यवस्थाओं का अवलोकन किया तथा बीदासर पुलिस थाने में बैठक लेकर नगरनिकाय और पंचायतीराज संस्थाओं में आम चुनाव, 2026 को लेकर गतिविधियों की समीक्षा कर अधिकारियों को निर्देश दिए। इस अवसर पर जिला निर्वाचन अधिकारी अभिषेक सुराणा ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़े सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण गुणवत्ता के साथ सुनिश्चित किए जाएं। उन्होंने कहा कि पुलिस एवं प्रशासन के अधिकारी संयुक्त रूप से संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील क्षेत्रों का नियमित भ्रमण करें तथा मतदान केंद्रों पर आवश्यक मूलभूत सुविधाओं के साथ-साथ सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित किए जाएं। उन्होंने कहा कि नगर निकाय निर्वाचन के मद्देनजर राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों की अक्षरश: पालना सुनिश्चित की जाए। निर्वाचन से संबंधित प्रत्येक गतिविधि पर प्रभावी निगरानी रखें तथा देखें किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं हो। उन्होंने ईवीएम के सुरक्षित भंडारण, स्ट्रॉन्ग रूम की सुरक्षा, सीसीटीवी निगरानी, प्रवेश-निकास व्यवस्था तथा मतगणना स्थल पर आवश्यक व्यवस्थाओं का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। पुलिस अधीक्षक निश्चय प्रसाद एम ने पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्वाचन के दौरान कानून एवं व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रभावी सुरक्षा एवं निगरानी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने संवेदनशील क्षेत्रों में नियमित गश्त एवं भ्रमण बढ़ाने, असामाजिक एवं संदिग्ध गतिविधियों पर सतर्क निगरानी रखने तथा प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में उन्होंने निर्वाचन तैयारियों से संबंधित विभिन्न बिंदुओं की जानकारी ली तथा ईवीएम संग्रहण केंद्र, स्ट्रॉन्ग रूम एवं मतगणना स्थल का जायजा लेकर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। बीदासर एसडीएम अमीलाल यादव ने चुनाव तैयारियों, गतिविधियों, प्रबंधन और व्यवस्थाओं की जानकारी दी और राज्य निर्वाचन आयोग के दिशा निर्देशानुसार पूर्ण प्रबंधित ढंग से निर्वाचन गतिविधियां आयोजित करने के लिए आश्वस्त किया। इस दौरान सुजानगढ़ एएसपी पवन कुमार, डीवाईएसपी सुखदेव सिंह, तहसीलदार इन्द्राज बारूपाल, ईओ द्वारकाप्रसाद, एसएचओ सुभाष, एसएचओ महेंद्र सिंह, एईएन इन्द्रपाल सहित अन्य उपस्थित रहे।

You might also like