एनएसएस शिविर का शुभारंभ, सेवा और सामाजिक सरोकारों का लिया संकल्प

महेंद्र खडोलिया
श्रीमाधोपुर (नवयत्न)। कस्बे के प्रतिष्ठित एसबीएन महाविद्यालय श्रीमाधोपुर में राष्ट्रीय सेवा योजना शिविर का उद्घाटन समारोह शुक्रवार को विधिवत एवं गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए समाजसेवा, पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता, जल संरक्षण तथा राष्ट्रहित में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं वंदना के साथ हुई। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ सुरेश कुमार जाट ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि विद्यार्थियों में सेवा, अनुशासन, नेतृत्व, सामाजिक उत्तरदायित्व और राष्ट्रभक्ति की भावना विकसित करने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे महाविद्यालय की सीमाओं से बाहर निकलकर समाज की वास्तविक समस्याओं को समझें और उनके समाधान में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाएं। महाविद्यालय के निदेशक डॉ मुकेश कुमार बल्डवाल ने कहा कि युवा शक्ति देश की सबसे बड़ी ताकत है। राष्ट्रीय सेवा योजना के माध्यम से विद्यार्थियों को समाज के वंचित एवं जरूरतमंद वर्गों के साथ जुड़ने, ग्रामीण क्षेत्रों की समस्याओं को समझने तथा सामाजिक जागरूकता के कार्यों में योगदान देने का अवसर मिलता है। उन्होंने कहा कि सेवा भावना से किया गया कार्य ही विद्यार्थी के व्यक्तित्व को वास्तविक ऊंचाई प्रदान करता है। राष्ट्रीय सेवा योजना प्रभारी राजेंद्र सिंह बिजारणियां ने राष्ट्रीय सेवा योजना के उद्देश्यों एवं आगामी गतिविधियों की जानकारी देते हुए बताया कि महाविद्यालय की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई द्वारा वर्षभर स्वच्छता अभियान, पौधरोपण, जल संरक्षण, नशामुक्ति जागरूकता, महिला एवं बालिका शिक्षा, स्वास्थ्य जागरूकता, पर्यावरण संरक्षण तथा सामाजिक जागरूकता से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने विद्यार्थियों से इन गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों में विशेष उत्साह देखने को मिला। राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवकों ने समाज और राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों को समझते हुए सेवा कार्यों में निरंतर सक्रिय रहने का संकल्प लिया। वक्ताओं ने कहा कि सेवा से व्यक्तित्व निर्माण और व्यक्तित्व निर्माण से राष्ट्र निर्माण की भावना को विद्यार्थियों के जीवन का हिस्सा बनाना एनएसएस का मूल उद्देश्य है। कार्यक्रम में ज्योत्सना स्वामी, ममता चौधरी, कृष्णा बिजारणियां, अंतिमा शर्मा, ओम प्रकाश वर्मा, राजेंद्र वर्मा, श्रवण कुमार, प्रहलाद बराला, बनवारी लाल जीतरवाल, प्रवीण कुमार शर्मा, जितेंद्र निठारवाल एवं कमलेश सैनी सहित महाविद्यालय के शिक्षकगण एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे। समारोह के अंत में उपस्थित अतिथियों एवं विद्यार्थियों ने एनएसएस की भावना के अनुरूपश्मैं नहीं, आप के सेवा संदेश को आत्मसात करते हुए समाजहित में निरंतर कार्य करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम ने विद्यार्थियों में नई ऊर्जा एवं सेवा भावना का संचार किया और महाविद्यालय में राष्ट्रीय सेवा योजना की आगामी गतिविधियों के लिए एक सकारात्मक एवं प्रभावशाली शुरुआत का संदेश दिया।

You might also like