महिला जेईएन 15 हजार की रिश्वत लेते ट्रेप

अशोक राईका
झुंझुनूं (नवयत्न)। कृषि कनेक्शन की बिजली लाइन बदलवाने के एवज में रिश्वत लेना चिड़ावा के बिजली विभाग की महिला जेईएन को महंगा पड़ गया। झुंझुनूं एसीबी की टीम ने सोमवार को चिड़ावा स्थित बिजली विभाग के कार्यालय में कार्रवाई करते हुए जेईएन दीपिका को 15 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथों ट्रैप किया। रिश्वत की रकम जेईएन की ऑफिस टेबल की दराज से बरामद की गई।

एसीबी के एडिशनल एसपी नरेंद्र पूनिया ने बताया कि परिवादी ने शिकायत दी थी कि उसके परिचित के कृषि कनेक्शन की बिजली लाइन बदलवाने के लिए जेईएन दीपिका रिश्वत मांग रही हैं। शिकायत के सत्यापन में 25 हजार रुपए रिश्वत मांगने की पुष्टि हुई। इसके बाद परिवादी के अनुरोध पर रिश्वत की रकम 15 हजार रुपए तय की गई।

कार्यालय में ही पकड़ा, दराज से बरामद हुए रुपए
सत्यापन के बाद सोमवार को एसआई सुरेश चंद के नेतृत्व में एसीबी टीम चिड़ावा बिजली विभाग के कार्यालय पहुंची। कार्रवाई के दौरान जेईएन दीपिका को 15 हजार रुपए की रिश्वत लेते पकड़ा गया। टीम ने रिश्वत की रकम उनकी ऑफिस टेबल की दराज से बरामद की।

थाने ले जाकर पूछताछ
कार्रवाई के बाद एसीबी टीम जेईएन दीपिका को पूछताछ के लिए चिड़ावा थाने लेकर गई। एसीबी अधिकारियों के अनुसार रिश्वत प्रकरण में जेईएन से पूछताछ की जा रही है और मामले में अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

You might also like