शॉर्ट सर्किट से जूतों की दुकान में लगी आग, लाखों का सामान राख
कृष्ण कुमार गांधी
सूरजगढ़ (नवयत्न)। कस्बे के मंडी रोड पर रविवार रात शॉर्ट सर्किट से जूतों की दुकान में आग लग गई। आग इतनी भीषण थी कि दुकान में रखा जूतों का पूरा स्टॉक जलकर राख हो गया। आग से करीब 8 से 10 लाख रुपए के नुकसान का अनुमान है। नवरात्रि और दीपावली के त्योहार को देखते हुए दुकानदार ने हाल ही में लाखों रुपए का नया सामान मंगवाया था। मंडी रोड पर विनोद पंडित की कृति बूट हाउस के नाम से जूतों की दुकान है। विनोद रविवार रात करीब 9 बजे दुकान बंद कर घर चला गया था। उसने बताया कि रात करीब 10 बजे वह दवाई लेने के लिए निकला था और दुकान के सामने से गुजरा, तब सब सामान्य था। इसके बाद वह घर जाकर खाना खाकर सो गया।
रात 2 बजे पुलिस गश्त के दौरान चला आग का पता
रात करीब 2 बजे पुलिस गश्त कर रही थी। इसी दौरान पुलिसकर्मियों को दुकान से धुआं निकलता दिखाई दिया। पुलिस ने दुकान मालिक को सूचना दी। विनोद पुलिस के साथ मौके पर पहुंचा। दुकान का शटर अंदर से बंद था। पुलिस और पड़ोसियों की मदद से करीब एक घंटे की मशकक्त के बाद शटर तोड़ा गया, लेकिन तब तक दुकान में रखा अधिकांश सामान जलकर राख हो चुका था।
त्योहार से पहले मंगाया था लाखों का नया स्टॉक
विनोद ने बताया कि नवरात्रि और दीपावली को देखते हुए उसने दुकान में लाखों रुपए का नया जूता-चप्पल का स्टॉक मंगवाया था। पहले से भी काफी सामान दुकान में रखा हुआ था। आग में पूरा स्टॉक जलने से करीब 8 से 10 लाख रुपए का नुकसान हुआ है। घटना की सूचना पर वार्ड पार्षद संजय गोयल और चेयरमैन नरेंद्र सिंह शेखावत भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का जायजा लिया और दुकानदार को ढांढस बंधाते हुए उचित मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया।