शराब ठेकों पर फायरिंग कर दहशत फैलाने वाले चार गिरफ्तार
एक बाल अपचारी को किया निरुद्ध
झुंझुनूं,(जय जांगिड़)10 मई। शहर के निकटवर्ती मठ के शराब ठेके, बाकरा व राणासर गांव में फायरिंग कर दहशत फैलाने के मामले में पुलिस को कामयाबी हासिल हुयी है। जिला पुलिस अधीक्षक जगदीश चंद्र शर्मा ने रविवार को प्रेस वार्ता में मामले के बारे में खुलाशा करते हुए बताया कि इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार व एक बाल अपचारी को निरूद्ध किया है।
यह था मामला
शुक्रवार को झुंझुनूं के निकटवर्ती मठ बस स्टैंड पर शराब ठेके के सामने तीन सफेद बिना नम्बरों की बोलेरो कैंपर गाडिय़ों में सवार होकर 15 से 20 लोगों ने शराब ठेके पर गोलियां चलाकर दहशत फैलाई। उसके बाद वहां से खाजपुर की तरफ भाग गए। वहीं बदमाशों ने खाजपुर और राणासर गांव में भी फायरिंग कर दहशत फैलायी थी।
पुलिस ने किया टीम का गठन
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आठ टीमों का गठन कर मुल्जिमों की शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित हो इसके प्रयास किए। इस पर झुंझुनूं जिला पुलिस अधीक्षक ने त्वरित कार्रवाई करते हुए जिलेभर में नाकाबंदी के साथ ही सभी थाना अधिकारियों को इस बाबत अतिशीघ्र कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उक्त प्रकरण में पुलिस द्वारा तीन थानों बगड़, सदर थाना झुंझुनूं, पुलिस थाना मुकुंदगढ़ में मुकदमें दर्ज किए गए।
टीम रही मुस्तैद
जिला पुलिस अधीक्षक ने बताया कि घटना के बाद आरोपियों का अलग-अलग दिशा में भागने की वजह से सीसीटीवी कैमरे व मुखबिर की सूचना पर अनेक जगहों पर दबिश दी गई। पुलिस की साइबर सेल व आठ पुलिस की टीमें लगातार आरोपियों को ढूंढने में लगी रही।
तीन दिन में चार आरोपी गिरफ्तार
जिला पुलिस अधीक्षक जगदीश शर्मा के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक वीरेंद्र कुमार, झुंझुनूं सीओं सिटी लोकेंद्र दादरवाल, झुंझुनूं ग्रामीण डिप्टी नीलकमल, थानाधिकारी बगड़, थानाधिकारी मुकुंदगढ़, साइबर सेल व स्पेशल टीम ने फायरिंग की घटना को अंजाम देने वाले आरोपियों को गिरफ्तार करने में महज तीन ही दिन लगे। जिला पुलिस अधीक्षक जगदीश चंद्र शर्मा ने बताया कि सूचना के साथ ही आठ टीमें बनाकर पूरे जिले में अलग-अलग स्थानों पर रवाना की गई।
ये आरोपी हुए गिरफ्तार
पुलिस की मुस्तैदी से ही तीन दिन के अंदर ही चार आरोपियों डेनिश उर्फ नरेश पुत्र रामचंद्र निवासी जीत की ढाणी, कार्तिक पुत्र रामस्वरूप निवासी आबूसर, राहुल उर्फ नागौरी पुत्र शुभकरण निवासी रसोड़ा व सुनील कुमार पुत्र बनवारी लाल निवासी ढेवा का बास को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त हुई है। वहीं एक बाल अपचारी को भी निरुद्ध किया गया है।
आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड
गिरफ्तार किए गए आरोपियों में डेनिश उर्फ नरेश व कार्तिक के खिलाफ आम्र्स एक्ट, लूट, डकैती, अपहरण, आगजनी व मारपीट के छह छह प्रकरण दर्ज है दोनों ही मुलजिम पुलिस थाना सदर झुंझुनूं के हिस्ट्रीशीटर है।
हफ्ता वसुली व शराब ठेके में हिस्सेदारी चाहते थे आरोपी
पुलिस अधीक्षक शर्मा ने बताया कि गिरफ्तार किए गए आरोपियों से पूछताछ अभी जारी है उक्त प्रकरण में अभी और गिरफ्तारियां संभव है उन्हें शीघ्र ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। साथ ही आरोपियों द्वारा इस्तेमाल किए गए हथियारों की भी आरोपियों की निशानदेही पर बरामद किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि आरोपियों का मकसद दहशत फैलाकर ठेकेदारों से लूटपाट, हफ्ता वसूली के साथ संचालित होने वाले ठेकों में हिस्सेदारी लेने का था। पुलिस अधीक्षक झुंझुनू जगदीश चंद्र शर्मा ने बताया कि आरोपियों की धरपकड़ के लिए पुलिस ने 38 पुलिसकर्मियों की इसमें भागीदारी रही।
