गांधी-शास्त्री जयंती पर निकाली रैली, विद्यार्थियों ने दिया स्वच्छता व नशामुक्ति का संदेश

श्रीराम तिवाड़ी
नोखा (नवयत्न)। पीएम श्री बाबा छोटूनाथ जी राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, नोखा में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई। कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय के प्रधानाचार्य नारायण दत्त ने दीप प्रज्वलित कर की। जयंती समारोह के दौरान विद्यार्थियों ने महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री के जीवन, संघर्ष, आदर्शों और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान पर प्रकाश डाला। विद्यार्थियों ने भाषण एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से दोनों महापुरुषों के विचारों को प्रस्तुत किया।
विद्यार्थियों ने निकाली जागरूकता रैली
जयंती के अवसर पर सुबह विद्यालय के विद्यार्थियों ने नोखा के मुख्य मार्गों से जागरूकता रैली निकाली। विद्यार्थियों के हाथों में स्वच्छता, नशामुक्ति एवं सामाजिक जागरूकता से संबंधित तख्तियां थीं। विद्यार्थियों ने नारों के माध्यम से आमजन को स्वच्छता अपनाने और नशे से दूर रहने का संदेश दिया। इस अवसर पर अतिरिक्त मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी शिवनारायण भादू ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराया। उन्होंने विद्यार्थियों से नशे से दूर रहनेए स्वस्थ जीवन शैली अपनाने तथा समाज में जागरूकता फैलाने का आह्वान किया।
गांधीजी के विचारों को जीवन में अपनाने का संदेश
कार्यक्रम में नोखा क्षेत्र के विभिन्न निजी विद्यालयों के विद्यार्थी एवं संस्थाप्रधान भी शामिल हुए। विद्यालय के प्रधानाचार्य नारायण दत्त ने विद्यार्थियों को महात्मा गांधी के सत्य, अहिंसा, स्वच्छता एवं सादगी के सिद्धांतों को अपने जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने लाल बहादुर शास्त्री के सादगीपूर्ण जीवन और राष्ट्र के प्रति समर्पण से प्रेरणा लेने का संदेश दिया। कार्यक्रम के समापन पर विद्यार्थियों को फलाहार वितरित किया गया। समारोह में विद्यालय का समस्त स्टाफ, विद्यार्थी तथा विभिन्न विद्यालयों से आए विद्यार्थी एवं संस्थाप्रधान उपस्थित रहे।

You might also like