पूर्व विधायक बिहारीलाल बिश्नोई का व्हाट्सएप्प अकाउंट हैक, संदिग्ध स्टेटस से मचा हडक़ंप
श्रीराम तिवाड़ी
नोखा (नवयत्न)। भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं नोखा के पूर्व विधायक बिहारीलाल बिश्नोई का व्हाट्सएप्प अकाउंट साइबर हैकर द्वारा हैक किए जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद पुलिस में रिपोर्ट दर्ज करवाई गई है, वहीं साइबर पुलिस मामले की तकनीकी जांच में जुट गई है। जानकारी के अनुसार बुधवार देर रात करीब 11:50 बजे अज्ञात साइबर हैकर ने पूर्व विधायक बिहारीलाल बिश्नोई का व्हाट्सएप्प अकाउंट हैक कर लिया। इसके बाद उनके व्हाट्सएप्प स्टेटस पर एक संदिग्ध स्टेटस लगा दिया गया। स्टेटस में कॉपी के पेज पर लिखा हुआ एक नोटिस दिखाई दे रहा था, जिसे लेकर हडक़ंप मच गया।
निजी सचिव ने थाने में दी रिपोर्ट
मामले की जानकारी मिलने के बाद पूर्व विधायक के निजी सचिव सुरेश बिश्नोई ने संबंधित थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई। रिपोर्ट में व्हाट्सएप्प अकाउंट हैक किए जाने की जानकारी देते हुए मामले की जांच की मांग की गई है। बताया गया कि बिहारीलाल बिश्नोई सामान्य तौर पर अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर इस तरह के संदिग्ध स्टेटस नहीं लगाते हैं। ऐसे में अचानक व्हाट्सएप्प स्टेटस पर इस प्रकार की सामग्री दिखाई देने के बाद हैकिंग की आशंका गहरा गई।
साइबर पुलिस तकनीकी जांच में जुटी
मामले की जांच सीआई गोविंद सिंह के नेतृत्व में की जा रही है। साइबर पुलिस की टीम भी तकनीकी स्तर पर जांच में जुटी है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि व्हाट्सएप्प अकाउंट किस तरीके से हैक किया गया और हैकर की ओर से संदिग्ध स्टेटस क्यों लगाया गया। साइबर टीम द्वारा अकाउंट की गतिविधियों और तकनीकी साक्ष्यों की जांच की जा रही है। साथ ही हैकर की पहचान और उसके द्वारा की गई अन्य संभावित गतिविधियों का भी पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
राजनीतिक व्यक्ति का अकाउंट हैक होने से बढ़ी चिंता
पूर्व विधायक एवं भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष जैसे प्रमुख राजनीतिक व्यक्ति के व्हाट्सएप्प अकाउंट के हैक होने की घटना ने सोशल मीडिया और साइबर सुरक्षा को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि अकाउंट किस स्तर पर और किस माध्यम से हैक किया गया तथा इसके पीछे हैकर का उद्देश्य क्या था।