चलती बाइक पर युवती से छेड़छाड़ करने वाले चार आरोपी गिरफ्तार

डी के सैनी

जयपुर (नवयत्न ) । मुहाना थाना क्षेत्र में चलती बाइक पर युवती से छेड़छाड़ के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने पूछताछ में शराब पार्टी के बाद स्टंट का वीडियो बनाते समय युवती से अभद्रता करना कबूल किया है।
पुलिस उपायुक्त (दक्षिण) राजर्षि राज ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में मनराज मीणा (24) व सुदामा मीणा (24) निवासी नगरफोर्ट (टोंक), महेश बंजारा (19) निवासी नगरफोर्ट (टोंक) और लोकेश बंजारा (21) निवासी बांदीकुई (दौसा) शामिल हैं। मुख्य आरोपी मनराज मीणा के खिलाफ पूर्व में भी करीब आधा दर्जन मामले दर्ज हैं। आरोपियों को पकड़ने में हेड कॉन्स्टेबल लोकेश, भंवरलाल और कॉन्स्टेबल ओमप्रकाश की अहम भूमिका रही।
थानाधिकारी गुर भूपेंद्र सिंह ने बताया कि 10 अप्रैल को घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसकी जांच साइबर टीम व एसीआरबी द्वारा की गई। जांच में घटना स्थल मुहाना क्षेत्र का पाया गया। सूरजमल सर्किल से न्यू सांगानेर रोड की ओर जा रही युवती का पीछा कर दूसरी बाइक पर सवार आरोपियों ने चलती बाइक पर छेड़छाड़ की थी।
पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए स्वयं एफआईआर दर्ज की और 500 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगाल कर आरोपियों की पहचान की। पुलिस से बचने के लिए ठिकाने बदल रहे आरोपियों को दौसा में दबिश देकर गिरफ्तार किया गया।
जांच में सामने आया कि 27 दिसंबर को चारों आरोपी जयपुर में शराब पार्टी करने आए थे। इसके बाद मनराज व सुदामा आगे बाइक पर और लोकेश व महेश दूसरी बाइक पर पीछे चल रहे थे। इसी दौरान वीडियो बनाने के दौरान आरोपियों ने युवती से छेड़छाड़ की और पूरी घटना रिकॉर्ड कर ली। फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है।

You might also like