विवाहिता ने फंदा लगाकर की आत्महत्या,क्षेत्र में फैली सनसनी

विजेंद्र लामोरिया

चिड़ावा (नवयत्न ) । पिलानी रोड स्थित पुराने डिप्टी ऑफिस के सामने सोमवार रात एक विवाहिता द्वारा फंदा लगाकर आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। इस हृदय विदारक घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और मौके पर स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।

किराए के मकान में फंदे से झूलती मिली विवाहिता-

जानकारी के अनुसार कलगांव निवासी 25 वर्षीय प्रियंका मेघवाल की शादी करीब तीन वर्ष पूर्व लोटिया निवासी मनोज कुमार के साथ हुई थी। पिछले करीब दो माह से यह दंपत्ति चिड़ावा में पिलानी रोड स्थित डिप्टी ऑफिस के सामने वाली गली में एक किराए के मकान में रह रहा था। परिजनों के अनुसार प्रियंका सोमवार को किसी काम से चिड़ावा आई थी और रात देरी होने के कारण पति मनोज से बात कर उसी किराए के कमरे पर रुक गई थी। मृतका का पति पेशे से सिंगर है और सोमवार को खेत में लावणी (फसल कटाई) के कार्य में व्यस्त था। रात को प्रियंका द्वारा फोन नहीं उठाने पर जब ससुराल और पीहर पक्ष के लोग कमरे पर पहुंचे तो वह फंदे से झूलती मिली।
अस्पताल पहुँचने पर डॉक्टरों ने किया मृत घोषित-

घटना की सूचना मिलते ही प्रियंका को एम्बुलेंस की सहायता से तत्काल चिड़ावा के उप जिला अस्पताल ले जाया गया। जहाँ ड्यूटी पर तैनात डॉ. भानु प्रकाश भास्कर और वार्ड बॉय कर्मवीर श्योराण ने सघन जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों ने ली जानकारी-

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीएम डॉ. नरेश सोनी, अतिरिक्त प्रशासनिक अधिकारी कैलाश सिंह कविया और बीसीएमओ डॉ. संत कुमार जांगिड़ उप जिला अस्पताल पहुंचे। पुलिस की ओर से चिड़ावा पुलिस के एएसआई प्रताप सिंह ने अस्पताल पहुंचकर घटना की जानकारी जुटाई। अधिकारियों ने मृतका के पिता और भाई के बयान दर्ज किए, जिसके बाद मेडिकल बोर्ड से शव का पोस्टमार्टम करवाया गया।
कारणों का खुलासा नहीं, जांच जारी-

घटना के बाद से दोनों पक्षों के परिजनों ने चुप्पी साध रखी है और फिलहाल आत्महत्या के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस ने परिजनों की रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखते हुए गहनता से जांच शुरू कर दी है।

You might also like