तहसीलदार बनकर महिला के साथ किया फ्रॉड
नवरतन वर्मा
चूरू (नवयत्न ) । सरकारी योजना में बने शौचालय का फंड दिलवाने के नाम पर एक व्यक्ति ने नायब तहसीलदार बनकर महिला के साथ फ्रॉड करते हुए एक लाख 95 हजार 940 रुपए की राशि ठग ली। घटना से आहत महिला ने साईबर क्राईम के पॉर्टल पर शिकायत दर्ज करवाई, तो रतनगढ़ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए महिला की राशि को पुन: लौटाया है। सीआई गौरव खिड़िया ने बताया कि अनुसूईया पत्नी जयप्रकाश निवासी सुलखणिया तहसील राजगढ़ हाल निवासी लधासर ने ऑनलाईन शिकायत दर्ज करवाई थी कि उसके पास एक व्यक्ति का फोन आया, जिसने अपने आप को नायब तहसीलदार बताया। उसने कहा कि आपके शौचालय की राशि निजी खाते में डाली जा रही है, जिस पर महिला ने मना किया। लेकिन उक्त व्यक्ति द्वारा महिला को मोबाइल पर राशि जमा का फेक मैसेज भेज दिया। फिर फोन कर बताया कि गलती से उसने ज्यादा रुपए भेज दिए है, बाकि रुपए उसे वापिस भेजो, जिस पर उक्त व्यक्ति ने अलग-अलग खातों में महिला से एक लाख 95 हजार 940 रुपए की राशि ले ली। महिला ने इस घटना की शिकायत ऑनलाईन पॉर्टल पर दर्ज करवाई, तो रतनगढ़ साईबर पुलिस के कांस्टेबल मुकेश व महेंद्र ने कार्रवाई करते हुए महिला की राशि को पुन: उसके खाते में लौटाया है।