पोकर की आड़ में जुआघर का खुलासा : मैनेजर समेत 7 गिरफ्तार
निसं
जयपुर (नवयत्न)। राजधानी के पॉश सी-स्कीम इलाके में पोकर गेम की आड़ में चल रहे जुआघर का अशोक नगर थाना पुलिस और जिला स्पेशल टीम डीएसटी ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए कंपनी के कार्यालय में दबिश देकर मैनेजर समेत सात लोगों को ताश के पत्तों और कॉइन्स से हार-जीत का दांव लगाते गिरफ्तार किया।
पुलिस उपायुक्त दक्षिण राजर्षि राज ने बताया कि पुलिस टीम ने सी-स्कीम स्थित कमला मार्ग के जी-22 बी में माया गेमिंग एंड टेक्नोलॉजीज प्राइवेट लिमिटेड के कार्यालय पर छापा मारा। यहां पोकर को स्किल गेम बताकर जुए का संचालन किए जाने की जानकारी सामने आई। पुलिस ने मौके से 1.07 लाख रुपए नकद, 5300 कॉइन/टोकन, नौ गड्डी ताश, 200 बैंड और 150 मेंबरशिप कार्ड बरामद किए। पुलिस के अनुसार कंपनी के प्रतिनिधि स्किल गेम की आड़ में लोगों से पैसों की हार-जीत का दांव लगवा रहे थे। पुलिस ने भव्य माहेश्वरी 27 निवासी विद्युत नगर, चित्रकूट, जयपुर, दीपक सिंह मीणा 34 निवासी चकरोल, जगतपुरा, कौशल शाह 29 निवासी विप्री, चेन्नई, अजय जोशी 21 निवासी कंचनपुर, नेपाल, आशीष दीवान जैन 29 निवासी हॉस्पिटल रोड, जयपुर, ऋषभ बज जैन 35 निवासी नालंदा विहार, दुर्गापुरा और प्रेम सिंह मोडई 30 निवासी शांति नगर, बागमती, काठमांडू, नेपाल को गिरफ्तार किया। पुलिस ने कंपनी और आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है। मामले में जुआघर के संचालन, कंपनी की भूमिका और इससे जुड़े अन्य लोगों के संबंध में जांच की जा रही है।