अजमीढ़ जयंती पर स्वर्णकार जनप्रतिनिधियों का दिल्ली में होगा सम्मान
हर्ष सोनी
झुंझुनू (नवयत्न)। नई दिल्ली के इंटरनेशनल अंबेडकर स्टेडियम में 25 अक्टूबर को अंतरराष्ट्रीय अजमीढ़ जयंती समारोह आयोजित किया जाएगा। समारोह में राजस्थान के नवनिर्वाचित स्वर्णकार समाज के पार्षदों तथा उपसभापति-सभापतियों का सम्मान किया जाएगा। इससे समाज के जनप्रतिनिधियों को एक मंच पर लाने के साथ राजनीतिक और सामाजिक भागीदारी को मजबूत करने पर भी चर्चा होगी। सांवरमल डांवर झुंझुनू व घनश्याम लावट ने बताया कि जयपुर महानगर को छोड़कर राजस्थान की विभिन्न नगर निकायों में स्वर्णकार समाज के करीब 142 पार्षद तथा 8 उपसभापति-सभापति निर्वाचित हुए हैं। समारोह में इन जनप्रतिनिधियों को सम्मानित किया जाएगा।
सामाजिक एवं राजनीतिक मुद्दों पर होगा मंथन
कार्यक्रम में स्वर्णकार समाज की राजनीतिक भागीदारी बढ़ाने, समाज को संगठित करने, युवाओं के रोजगार, व्यापारियों की समस्याओं और सामाजिक एकता जैसे विषयों पर चर्चा होगी। इसके साथ ही वैवाहिक संबंधों में आ रही चुनौतियों तथा समाज के विकास से जुड़े अन्य मुद्दों पर भी विचार-विमर्श किया जाएगा।
अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने का आह्वान
लावट ने समाजबंधुओं से 25 अक्टूबर को नई दिल्ली में आयोजित होने वाले अजमीढ़ जयंती समारोह में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन समाज को एकजुट करने और सामाजिक एवं राजनीतिक भागीदारी को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।