विवाहिता संदिग्ध परिस्थितियों में लापता, पिता ने युवक पर लगाए बहला-फुसलाकर ले जाने के आरोप

श्रीराम तिवाड़ी
नोखा (नवयत्न)। नोखा थाना क्षेत्र के एक गांव में विवाहिता के संदिग्ध परिस्थितियों में लापता होने का मामला सामने आया है। विवाहिता के पिता ने नागौर जिले के घोड़ारण निवासी एक युवक पर उनकी बेटी को बहला-फुसलाकर ले जाने का संदेह जताया है। परिवादी ने घर में रखे सोने के जेवरात और 75 हजार रुपए नकद गायब होने की शिकायत भी पुलिस को दी है। पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को दी गई रिपोर्ट के अनुसार परिवादी ने अपनी बेटी का विवाह करीब छह वर्ष पहले किया था। उसकी दो बेटियां हैं। रिपोर्ट में बताया गया कि विवाहिता 11 अक्टूबर को अपने ससुराल से पीहर आई थी। 20 अक्टूबर की रात परिवार के सभी सदस्य खाना खाने के बाद अलग-अलग कमरों में सो गए थे। रिपोर्ट के मुताबिक रात करीब 11:30 बजे परिवादी की नींद लगभग दो वर्षीय बच्ची के रोने की आवाज सुनकर खुली। कमरे में पहुंचने पर बच्ची रोती हुई मिली, लेकिन विवाहिता वहां मौजूद नहीं थी। इसके बाद परिवार के अन्य सदस्यों को जगाकर विवाहिता की तलाश की गई। आसपास और पड़ोस में खोजबीन के बावजूद उसका पता नहीं चला।
जेवरात और नकदी गायब होने की शिकायत
परिवादी ने बताया कि विवाहिता के लापता होने के बाद घर में रखी संदूक की जांच की गई तो उसमें रखे सोने के जेवरात और नकदी भी नहीं मिली। शिकायत के अनुसार संदूक से करीब 70 ग्राम सोने की आड़, एक सोने का रखड़ी सेट, सोने का पेंडल, सोने के कानों के झुमके तथा 75 हजार रुपए नकद गायब मिले।
युवक पर संदेह जताया
परिवादी ने नागौर जिले के घोड़ारण निवासी डूंगरराम पर संदेह जताते हुए आरोप लगाया कि वह पहले भी उसे और उसके दामाद को फोन पर धमकियां देता था। शिकायत में यह भी कहा गया है कि विवाहिता की युवक से चोरी-छिपे फोन पर बातचीत होती थी। परिवार को आशंका है कि युवक विवाहिता को अपने साथ ले गया और घर से गायब हुए जेवरात व नकदी भी उसके साथ ले गया। परिवादी ने विवाहिता की पहचान के संबंध में बताया कि उसकी लंबाई करीब पांच फीट है और लापता होने के समय उसने लाल रंग का सलवार-कुर्ता पहन रखा था। पुलिस ने परिवादी की रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच उपनिरीक्षक तनसुखराम को सौंपी गई है। पुलिस विवाहिता की तलाश और मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

You might also like