2128 गर्भवती महिलाओं के स्वास्थ्य की हुई जांच

प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान: जिले के चिकित्सा संस्थानों में सोशल डिस्टेंस का रखा गया पूरा ध्यान

सीकर,(जी एल सैनी)9 मई। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की ओर से शनिवार को गर्भवती महिलाओं के स्वास्थ्य की जांच की गई। विभाग की ओर से प्रत्येक माह की नौ तारीख को मनाए जाने वाले प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के तहत चिकित्सा संस्थानों में चिकित्सकों ने गर्भवती महिलाओं के स्वास्थ्य की जांचकर उनको गर्भ में पल रहे शिशु और स्वयं की देखभाल के गुर बताते हुए पोषण के बारे में जानकारी दी। सभी चिकित्सा संस्थानों पर कोरोना वायरस के संक्रमण की रोकथाम के लिए गर्भवती महिलाओं में सोशल डिस्टेंस का पूरा ध्यान रखा गया। इसके अलावा गर्भवती महिलाओं को कोरोना वायरस के संक्रमण की भी जानकारी दी गई।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ अजय चौधरी ने बताया कि शनिवार को जिले के सभी चिकित्सा संस्थानों पर मनाए गए प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के तहत 2128 गर्भवती महिलाओं के स्वास्थ्य की जांच की गई। कूदन ब्लॉक के चिकित्सा संस्थानों पर 183, फतेहपुर ब्लॉक में 188, पिपराली ब्लॉक में 220, नीमकाथाना ब्लॉक में 318, दांता ब्लॉक में 348, श्रीमाधोपुर ब्लॉक में 227, लक्ष्मणगढ़ ब्लॉक में 249 और खंडेला ब्लॉक में 336 और एनयूएचएम के तहत फतेहपुर, लक्ष्मणगढ़ और सीकर में संचालित 8 अरबन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर 59 गर्भवती महिलाओं के स्वास्थ्य की जांच की गई। चिकित्सा संस्थानों पर गर्भवती महिलाओं के हिमोग्लोबिन, ब्लड प्रेशर, शुगर, लंबाई, एचआईवी, सिफलिश आदि जांच की गई। इस मौके पर चिकित्सकों ने गर्भवती महिलाओं को अपने और गर्भ में पल रहे शिशु की देखभाल की जानकारी देते हुए पौष्टिक आहार लेने की सलाह दी।

You might also like