डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा का भव्य अनावरण समारोह

अबूबकर बल्खी
लाडनूं (नवयत्न) । भारतीय संविधान के शिल्पकार एवं भारत रत्न बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा के भव्य अनावरण समारोह का आयोजन रविवार शाम को ग्राम सुनारी में श्रद्धाऔर उत्साह के बीच संपन्न हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत गांव के मुख्य मार्गो से कलश यात्रा निकालते हुए की गई। कलश यात्रा में बड़ी संख्या में महिलाओं ने भाग लिया।
कार्यक्रम में अखिल भारतीय सांगलिया धूणी के पीठाधीश्वर श्री ओमदास महाराज का पावन सान्निध्य प्राप्त हुआ। समारोह के दौरान ग्राम पंचायत सुनारी के प्रशासक प्रतिनिधि नाथूराम कालेरा ने आगंतुक अतिथियों का साफा एवं माल्यार्पण कर आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया। अपने संबोधन में पीठाधीश्वर श्री ओमदास महाराज ने शिक्षा के महत्व पर बल देते हुए कहा कि बच्चों को शिक्षित बनाना ही समाज की वास्तविक प्रगति का मार्ग है। उन्होंने बाबा साहेब डॉ. अंबेडकर के जीवन संघर्ष और उनके आदर्शों को अपनाने का आह्वान करते हुए कहा कि समाज को उनके पदचिह्नों पर चलकर समानता और जागरूकता को बढ़ावा देना चाहिए। इस अवसर पर पूर्व मंत्री खेमाराम मेघवाल, सुजानगढ़ विधायक मनोज मेघवाल, ग्राम सेवा सहकारी समिति लिमिटेड सुनारी के अध्यक्ष नाथूराम कालेरा, एडवोकेट हरिराम मेहरड़ा तथा मनजीत पाल सिंह सांवराद ने भी मंच से अपने विचार व्यक्त करते हुए बाबा साहेब के योगदान को याद किया। कार्यक्रम में उपसरपंच चेतन मेघवाल, मास्टर रामनिवास साहु, एनएसयूआई जिला महासचिव अब्दुल वहीद सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण, जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

You might also like