गर्भवती की हुई सेहत जांच, बच्चों को लगाए टीके

सुरेन्द्र शर्मा
सीकर (नवयत्न)। स्वास्थ्य विभाग की ओर से जिले की गर्भवती महिलाओं की सेहत पर लगातार नजर रखी जा रही है। विभाग की ओर से गुरूवार को मनाए गए मातृ शिशु स्वास्थ्य एवं पोषण दिवस पर स्वास्थ्य कर्मियों व चिकित्सकों ने गर्भवती की सेहत का परीक्षण किया। वहीं बच्चों को विभिन्न बीमारियों से बचाव के टीके लगाए गए। जिला व ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों ने टीकाकरण स्थल व चिकित्सा संस्थानों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। जिला प्रजनन एवं शिशु स्वास्थ्य अधिकारी डॉ विशाल सिंह ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र खूडी बड़ी, जसरासर, उप स्वास्थ्य केंद्र खूड़ी छोटी, भोजासर बड़ा और भोजासर छोटा में आयोजित टीकाकरण सेंशन के दौरान गर्भवती व बच्चों को दी गई सेवाएं, हाई रिस्क प्रेग्नेंसी की ट्रेकिंग का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने चिकित्सा संस्थानों का निरीक्षण कर स्टॉफ की उपस्थिति, दवाइयों की उपलब्धता, जांच योजना के तहत किए जाने वाली जांचों की स्थिति, उपकरणों का रख रखाव, संस्थान में साफ सफाई और गर्भवती महिलाओं व बच्चों को दी गई सेवाएं का जायजा लिया। एमसीएचएन दिवस पर स्वास्थ्य कर्मियों ने बच्चों को पीलिया, टीबी, हैपेटाइटिस बी, गलघोंटू, काली खांसी, निमोनिया, टिटनेस, मैनिनजाइटिस खसरा और रूबले रोटा, दस्त आदि रोगों से बचाव के लिए टीके लगाए और गर्भवती महिलाओं को प्रसवपूर्व देखभाल के बारे में जानकारी दी गई।

You might also like