हेलमेट व सीट बेल्ट बोझ नहीं, बल्कि रक्षा कवच है : सुराणा

चूरू (दैनिक नवयत्न )। जिला कलक्टर अभिषेक सुराणा ने सड़क सुरक्षा माह के समापन के अवसर पर शनिवार को जिला मुख्यालय स्थित राजकीय लोहिया महाविद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में शिरकत की और सड़क सुरक्षा माह के दौरान जिले में हुई विभिन्न गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यालयों तथा महाविद्यालयों के विद्यार्थियों तथा परिवहन व पुलिस विभाग के कार्मिकों को प्रशस्ति—पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।

इस अवसर पर जिला कलक्टर सुराणा ने कहा कि हेलमेट व सीट बेल्ट बोझ नहीं है, बल्कि रक्षा कवच है। हम सड़क पर यात्रा के दौरान यातायात नियमों का पालन करें और परिवेश के लोगों को भी जागरूक करें।

उन्होंने कहा कि देश में सड़क दुघर्टना में प्रति मिनट करीब 03 मृत्यु हो जाती हैं और जिले का औसतन देखें तो प्रतिदिन करीब एक आदमी एक आदमी अपनी जान खो देता है। हमें ना सिर्फ स्वयं सुरक्षित रहना है, वरन अपने वाहन चालन व्यवहार को इस प्रकार नियन्त्रित करना है कि हम दुर्घटना का शिकार ना हो। इसलिए हम इन सबसे सीख लेते हुए वाहन चलाते समय यातायात नियमों का पालन करने, दुपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट लगाने तथा चौपहिया वाहन चलाते समय सीट बेल्ट का उपयोग करें।

पुलिस उप अधीक्षक सुनील कुमार झाझड़िया ने राहगीर योजना के बारे में बताया तथा विद्यार्थियों से सड़क दुर्घटनाओं में घायलों को गोल्डन अवर में तुरन्त अस्पताल पहुंचाने व यातायात नियमों का पालन करने की बात कही।

प्राचार्य डॉ मंजू शर्मा ने वर्तमान समय में सीख से सुरक्षा की बात रखते हुए कहा कि वर्तमान में हमें दुर्घटना देखकर ही समझ जाना चाहिए तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतनी चाहिए।

सड़क सुरक्षा क्लब के नोडल अधिकारी डॉ हेमन्त मंगल ने सभी विद्यार्थियों से सड़क पर वाहन चलाते समय मोबाइल का उपयोग नहीं करने की बात कही।

जिला परिवहन अधिकारी नरेश कुमार बसवाल ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कार्यक्रम की सम्पूर्ण रूपरेखा प्रस्तुत की व सड़क सुरक्षा के सम्बन्ध में जानकारी दी।

सुजानगढ़ जिला परिवहन अधिकारी बजरंग खीचड़ ने धन्यवाद ज्ञापित किया।

इस अवसर पर अतिथियों ने सड़क सुरक्षा एवं जागरूकता में उत्कृष्ट कार्य करने पर परिवहन निरीक्षक रोबिन सिंह, कन्हैयालाल यादव, सुरेश बिश्नोई, मुकेश सोनी, सहायक लेखाधिकारी सत्यपाल सिंह, सूचना सहायक दीपक कुमार सैनी, जयसिंह राठौड़, राकेश कस्वां, राजेश सिंह, गार्ड डॉ जयप्रकाश बैरवाल, डॉ अशोक पूनिया, सहायक आचार्य डॉ सुखवीर, एएसआई नरेन्द्र सिंह, रामनिवास एवं एनआईसी आईरेड से पियूष पानी आदि सहित जिले की सभी तहसीलों में सड़क सुरक्षा पर हुई विभिन्न प्रतियोगिताओं में विजेता छात्र-छात्राओं को स्मृति चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया।

इस दौरान डॉ सुमेर सिंह, डॉ शालिनी हेमकार, डॉ अशोक कुमार, डॉ जयप्रकाश, डॉ पुष्पेन्द्र सिंह, डॉ सुखवीर सहित अन्य उपस्थित रहे। संचालन डॉ. हरीश शर्मा ने किया।

You might also like