हनी ट्रैप गिरोह का पर्दाफाश, झूठे दुष्कर्म केस में फंसाने की धमकी देकर वसूली करने वाले चार आरोपी गिरफ्तार

संजय सोनी 

झुंझुनूं (नवयत्न)। पुलिस थाना कोतवाली की टीम ने हनी ट्रैप के एक मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन महिलाओं और एक पुरुष को गिरफ्तार किया है। आरोपी पीड़ित को दुष्कर्म के झूठे मामले में फंसाने की धमकी देकर मारपीट करते हुए उससे रुपये ऐंठ रहे थे।

 

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक कावेन्द्र सिंह सागर के निर्देशानुसार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुख्यालय देवेन्द्र सिंह राजावत के मार्गदर्शन तथा वृताधिकारी गोपाल सिंह ढाका के सुपरविजन में थानाधिकारी श्रवण कुमार के नेतृत्व में की गई।

 

घटना विवरण:

परिवादी ने रिपोर्ट में बताया कि एक महिला ने मोबाइल पर मीठी-मीठी बातें कर उसे अपने जाल में फंसाया और मोतीलाल कॉलेज के पास एक मकान में बुलाया। वहां एक महिला उसे कमरे में ले गई, जहां बाहर से कुंडी लगा दी गई। इसके बाद महिला ने शोर मचाते हुए उस पर गलत काम का आरोप लगाया।

 

थोड़ी देर में 4-5 अन्य लोग भी वहां पहुंच गए और सभी ने मिलकर उस पर झूठा दुष्कर्म का आरोप लगाते हुए उसे डराया-धमकाया। बदनामी के डर से परिवादी ने आरोपियों को 1 लाख रुपये दे दिए। इसके बाद आरोपी लगातार और पैसे की मांग कर उसे धमकाते रहे।

 

पुलिस कार्रवाई:

मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच रामनिवास द्वारा शुरू की गई। आरोपियों की तलाश के लिए टीम गठित की गई। सूचना के आधार पर परिवादी के माध्यम से डमी रुपये भेजे गए और जाल बिछाया गया।

 

जैसे ही आरोपियों ने गुढ़ा मोड़ पर रुपये लिए, पुलिस टीम ने मौके पर कार्रवाई करते हुए दो महिलाओं और एक पुरुष को पकड़ लिया तथा उनके पास से डमी रुपये बरामद किए। पूछताछ के दौरान एक अन्य महिला का नाम सामने आने पर उसे भी गिरफ्तार कर लिया गया।

 

गिरफ्तार आरोपी:

 

1. सीमा शर्मा पत्नी मनोज शर्मा, पुत्री महेन्द्र शर्मा, उम्र 31 वर्ष, निवासी वार्ड नंबर 58, मोतीलाल स्टेडियम के पास

 

 

2. राहुल पुत्र संजय, उम्र 22 वर्ष, निवासी थिरपाली बड़ी, थाना हमीरवास, जिला चूरू

 

 

3. प्रियंका पत्नी बिटू, पुत्री खूबीराम, उम्र 25 वर्ष, निवासी उगडोली, थाना बाढड़ा (हरियाणा), हाल हरपालू ताल, थाना हमीरवास, जिला चूरू

 

 

4. मुनेष कुमारी पत्नी संदीप, पुत्री सतवीर, उम्र 29 वर्ष, निवासी वार्ड नंबर 26, खटीकों का मोहल्ला, चिडावा, हाल पालोता, थाना सिंघाना

 

 

 

पुलिस टीम:

इस कार्रवाई में श्रवण कुमार, रामनिवास, समोध (हेड कांस्टेबल), चेनाराम (कांस्टेबल), संदीप पूनियां (कांस्टेबल), प्रदीप कुमार (कांस्टेबल) और बबिता (महिला कांस्टेबल) शामिल रहे।

 

पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है।

You might also like