45 साल बाद पति ने भेजा तलाक का नोटिस, पत्नी ने लगाया संपत्ति हड़पने की साजिश का आरोप
नवरतन वर्मा
चूरू (नवयत्न)। चूरू जिले के सुजानगढ़ में 45 वर्ष पुराने वैवाहिक रिश्ते में उस समय दरार आ गई, जब 55 वर्षीय महिला को उसके पति की ओर से तलाक का नोटिस भेजा गया। महिला ने इसे संपत्ति हड़पने की साजिश बताते हुए पति समेत पांच लोगों के खिलाफ कोतवाली थाने में मामला दर्ज कराया है। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सुजानगढ़ निवासी 55 वर्षीय ताहिरा बानो ने आरोप लगाया है कि उनके पति मोहम्मद सलीम खीची ने 45 साल के वैवाहिक जीवन के बाद उन्हें तलाक का नोटिस भेज दिया। महिला का कहना है कि यह कदम ससुर द्वारा उनके और बच्चों के नाम की गई संपत्ति पर कब्जा करने की नीयत से उठाया गया है। मामले में पति सहित पांच लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
पीड़िता ताहिरा बानो के अनुसार उनका विवाह वर्ष 1981 में मोहम्मद सलीम खीची से हुआ था। दंपती के तीन बच्चे हैं, जिनकी शादी हो चुकी है। उनका कहना है कि इतने लंबे वैवाहिक जीवन के बाद अचानक पति द्वारा तलाक का नोटिस भेजे जाने से उन्हें गहरा मानसिक आघात पहुंचा है और इस उम्र में उनका जीवन असुरक्षा के दौर में पहुंच गया है।
ताहिरा बानो ने कोतवाली थाने में पति सहित पांच लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कराया है। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। जांच के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।