आग से झोंपड़ा जलकर राख, पिता-पुत्री झुलसे

श्रीराम तिवाड़ी
नोखा (नवयत्न)। नोखा थाना क्षेत्र के मैयासर गांव में सोमवार को एक रहवासी ढाणी में अचानक आग लगने से झोंपड़ा और उसमें रखा घरेलू सामान जलकर राख हो गया। हादसे में पिता और उनकी 10 वर्षीय बेटी झुलस गए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार भगवानाराम नायक अपने परिवार के साथ झोंपड़े में रहते हैं। सोमवार को अचानक झोंपड़े में आग लग गई। आग की लपटें देखकर आसपास के लोगों ने शोर मचाया और मौके पर पहुंचकर आग बुझाने का प्रयास किया। ग्रामीणों ने पानी डालकर आग पर काबू पाने की कोशिश की। सूचना मिलने पर हेड कांस्टेबल सतीश कुमार पुलिस जवानों के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने झुलसे पिता-पुत्री को संभाला और उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। आग बुझाने के दौरान मौके पर एक गैस सिलेंडर भी दिखाई दिया। आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। आगजनी की इस घटना में झोंपड़े सहित उसमें रखा घरेलू सामान जलकर राख हो गया।

You might also like