46 वर्ष की उम्र में एमडी फिजियोलॉजी में सफलता
श्रवण कुमार सारस्वत
रींगस (नवयत्न)। दृढ़ इच्छाशक्ति, कठिन परिश्रम और आत्मविश्वास के दम पर 46 वर्ष की उम्र में डॉ विनोद कुमार गुप्ता ने एसएमएस मेडिकल कॉलेज, जयपुर से एमडी फिजियोलॉजी की उपाधि हासिल कर एक शानदार उपलब्धि प्राप्त की है। घोषित परीक्षा परिणाम में उन्होंने एसएमएस मेडिकल कॉलेज के फिजियोलॉजी विभाग में टॉप स्थान प्राप्त कर रींगस एवं सीकर जिले का गौरव बढ़ाया है। नवंबर 2023 से नवंबर 2026 तक तीन वर्षीय एमडी पाठ्यक्रम पूर्ण करने के दौरान उन्होंने विभागाध्यक्ष डॉ एसके सिंघल के मार्गदर्शन में मोटापे एवं सामान्य वजन वाले वयस्कों की फेफड़ों की कार्यक्षमता पर तुलनात्मक शोधकार्य किया। डॉ गुप्ता वर्ष 2020 से 2023 तक एसडीएच रींगस में प्रभारी के रूप में अपनी सेवाएं दे चुके हैं। चिकित्सा सेवाओं एवं अस्पताल प्रबंधन में उनका योगदान भी सराहनीय रहा है। उन्होंने अपनी इस सफलता का श्रेय विभागाध्यक्ष डॉ एसके सिंघल, समस्त प्रोफेसर, शिक्षकों एवं साथी रेजिडेंट्स के मार्गदर्शन और सहयोग को दिया। साथ ही माता-पिता के आशीर्वाद एवं संस्कारों, भाई-बहनों के स्नेह, पत्नी डॉ राशि अग्रवाल के विशेष सहयोग, बच्चों के प्रेम तथा मित्रों एवं शुभचिंतकों के प्रोत्साहन के प्रति आभार व्यक्त किया। 46 वर्ष की उम्र में एमडी की उपाधि और विभाग में टॉप स्थान हासिल करना इस बात का प्रमाण है कि प्रतिभा, मेहनत और सीखने की कोई उम्र नहीं होती।