लाखों की अवैध शराब जब्तः दो आरोपी गिरफ्तार

श्रीराम तिवाड़ी
नोखा (नवयत्न) । भारतमाला रोड पर नाकाबंदी में गुजरात जा रही कार से अंग्रेजी शराब बरामद की गई है। इस मामले में गुजरात के दो आरोपियों को भी गिरफ्तार किया गया है। कार से हरियाणा निर्मित अंग्रेजी शराब के 15 कार्टून मिले हैं। बीकानेर रेंज आईजी के निर्देश पर शनिवार रात जिलेभर में ‘ए’ श्रेणी की नाकाबंदी की गई थी। इसी के तहत एसपी मृदुल कच्छावा के निर्देशन में सीओ जरनैल सिंह के नेतृत्व में पांचू पुलिस ने भारतमाला रोड पर वाहनों की जांच शुरू की। गुजरात की कार से 15 शराब के कार्टून जब्त नाकाबंदी के दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध गुजरात नंबर की कार को रोका और उसकी तलाशी ली। कार से हरियाणा निर्मित अंग्रेजी शराब के 15 कार्टून मिले, जिनकी कीमत लाखों रुपए बताई जा रही है। पुलिस ने शराब और कार को जब्त कर लिया है।
कार्रवाई के दौरान पांचू थानाधिकारी ईश्वर प्रसाद जांगिड़ ने गुजरात निवासी दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस उनसे शराब की तस्करी के स्रोत और गंतव्य के बारे में पूछताछ कर रही है।
पांचू पुलिस की ओर से नशे के खिलाफ एक ही दिन में यह दूसरी बड़ी कार्रवाई बताई जा रही है। पुलिस टीम में एएसआई रामनिवास ज्यानी, दिनेश कुमार, हेड कॉन्स्टेबल राणाराम और कॉन्स्टेबल खुशराज मीणा शामिल थे। पुलिस ने बताया कि अवैध मादक पदार्थों और शराब की तस्करी के खिलाफ ये अभियान आगे भी जारी रहेगा।

You might also like