खेतड़ी में भाजपा के 25, कांग्रेस के 20 प्रत्याशी मैदान में
निसं
खेतड़ी (नवयत्न)। नगरपालिका चुनाव को लेकर खेतड़ी में राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। भाजपा ने सभी 25 वार्डों में प्रत्याशी उतारे हैं, जबकि कांग्रेस ने 20 वार्डों में उम्मीदवार घोषित किए हैं। वहीं नामांकन प्रक्रिया में 233 प्रत्याशियों ने कुल 335 नामांकन पत्र दाखिल किए हैं। खेतड़ी नगरपालिका में कुल 25 वार्ड हैं। इस बार अध्यक्ष पद महिला ओबीसी वर्ग के लिए आरक्षित है। ऐसे में पार्षद चुनाव के साथ ही अध्यक्ष पद को लेकर भी राजनीतिक समीकरण बनने लगे हैं। दोनों प्रमुख दलों में अध्यक्ष पद के संभावित दावेदारों को लेकर चर्चा शुरू हो गई है। कांग्रेस ने निवर्तमान पालिकाध्यक्ष गीता सैनी को वार्ड नंबर 5 से प्रत्याशी बनाया है। उनके मैदान में उतरने से इस वार्ड का मुकाबला रोचक होने की उम्मीद है। वहीं भाजपा ने इस बार कई युवा चेहरों को मौका दिया है। प्रत्याशियों की घोषणा के बाद पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह नजर आ रहा है। अब प्रत्याशी वार्डों में जनसंपर्क की तैयारी में जुट गए हैं। कार्यकर्ता भी घर-घर संपर्क कर पार्टी के पक्ष में मतदान की अपील करेंगे। महिला ओबीसी के लिए अध्यक्ष पद आरक्षित होने से इस वर्ग के प्रत्याशियों पर भी खास नजर रहेगी।