कार का टायर फटा, ट्रोले से भिड़ी, झालावाड़ एसपी के पिता की मौत
बाबूलाल वर्मा
झुंझुनू (नवयत्न) । झालावाड़ एसपी अमित कुमार बुडानिया के पिता महावीर प्रसाद (62) की सोमवार रात सड़क हादसे में मौत हो गई। हादसा फतेहपुर-रेवाड़ी नेशनल हाईवे-11 पर सदीनसर गांव के पास हुआ। उनकी कार का टायर अचानक फट गया। इससे कार अनियंत्रित होकर सामने से आ रहे ट्रोले से जा भिड़ी। सीतसर निवासी महावीर प्रसाद पुत्र गोपाल राम जाट सोमवार रात करीब 8 से 8:30 बजे कार से मंडावा की ओर जा रहे थे। सदीनसर के पास अचानक कार का टायर फटने से चालक का नियंत्रण बिगड़ गया और कार सामने से आ रहे ट्रोले से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद हाईवे पर जाम लग गया। मौके पर मौजूद लोगों और राहगीरों ने कड़ी मशक्कत के बाद महावीर प्रसाद को कार से बाहर निकाला और उप जिला अस्पताल धानुकाए फतेहपुर पहुंचाया। यहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात सुचारू कराया। सीओ नोपाराम भाकर, रामगढ़ सेठान थाना प्रभारी अमरसिंह और फतेहपुर सदर थाना प्रभारी पुष्पेंद्र झाझड़िया भी अस्पताल पहुंचे। पुलिस ने देर रात शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया।