स्वर्णकार जन सेवा संस्थान की पहल: 10वीं-12वीं में 80% से अधिक अंक लाने वाले विद्यार्थियों का होगा सम्मान

ललित दाधीच
राजलदेसर (नवयत्न) । राजलदेसर कस्बे की सामाजिक संस्था स्वर्णकार जन सेवा संस्थान की ओर से सर्व समाज के मेधावी विद्यार्थियों के सम्मान हेतु विशेष समारोह आयोजित किया जाएगा। इस समारोह में वर्ष 2026 की बोर्ड परीक्षाओं में कक्षा 10वीं एवं 12वीं में 80% से अधिक अंक प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया जाएगा। संस्था के अध्यक्ष ओमप्रकाश जोड़ा ने जानकारी देते हुए बताया कि कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सेशन एवं जिला न्यायाधीश विनोद सोनी उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता देवस्थान विभाग के आयुक्त गौरव सोनी करेंगे। वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में ज्वेलर्स एसोसिएशन के प्रदेश प्रधान संपादक हंसराज कड़ेल एवं अध्यक्ष रमेश सोनी शामिल होंगे। कार्यक्रम को लेकर आयोजित प्रेस वार्ता में मंत्री अशोक कड़ेल, रामलाल कड़ेल, शंकरलाल कुकरा, गोपाल लावट, मनोज कुमार कड़ेल सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे। संस्था द्वारा समारोह की तैयारियां जोर-शोर से की जा रही हैं तथा पदाधिकारियों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।अध्यक्ष ओमप्रकाश सोनी ने बताया कि संस्था भविष्य में भी सर्व समाज के हित में विभिन्न सामाजिक कार्य करती रहेगी। उन्होंने कहा कि संस्था का मुख्य उद्देश्य राजलदेसर के बच्चों को शिक्षा के प्रति अधिक से अधिक प्रोत्साहित करना है। इस अवसर पर गोपाल लावट ने बताया कि आगामी मानसून में संस्था द्वारा वृक्षारोपण अभियान चलाया जाएगा, जिसके तहत सार्वजनिक स्थलों पर अधिक से अधिक पौधारोपण किया जाएगा तथा धार्मिक स्थलों पर श्रमदान भी किया जाएगा।

You might also like