आम रास्ते पर अतिक्रमण मामले में मौका स्थल का मुआयना
प्रदीप कुमार सैनी
दांतारामगढ़ / सीकर (नवयत्न)। राजस्व ग्राम दांता नगरपालिका के वार्ड संख्या 4 स्थित शीतला नगर में आम रास्ते पर हुए अतिक्रमण के मामले में गुरुवार को मौका मजिस्ट्रेट नायब तहसीलदार एवं नगरपालिका दांता के अधिशासी अधिकारी ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया। हालांकि उपखंड अधिकारी के आदेश के बावजूद सीमाज्ञान की कार्रवाई नहीं हुई।
जानकारी के अनुसार खसरा संख्या 2006 में दर्ज यह आम रास्ता दक्षिण दिशा में शीतला माता मंदिर तक तथा उत्तर एवं पूर्व दिशा में हुक्माजी की ढ़ाणी होते हुए दांता की ओर जाता है। उक्त रास्ते पर अतिक्रमण होने की शिकायतें लंबे समय से नगरपालिका, तहसील एवं उपखंड कार्यालय में दर्ज हैं।
शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए दांतारामगढ़ उपखंड अधिकारी मोनिका सामोर ने 29 मई को मय जाब्ता मौका मजिस्ट्रेट नायब तहसीलदार को नियुक्त करते हुए सीमाज्ञान एवं आवश्यक कार्रवाई के आदेश जारी किए थे, लेकिन निर्धारित तिथि पर कोई अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा। इसके बाद 4 जून को पुनः मय जाब्ता सीमाज्ञान सहित कार्रवाई के आदेश जारी किए गए।
गुरुवार को मौका मजिस्ट्रेट नायब तहसीलदार एवं नगरपालिका अधिशासी अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया, लेकिन सीमाज्ञान की प्रक्रिया नहीं हो सकी। प्रशासनिक अधिकारियों ने मामले में विभागीय कार्रवाई जारी होने की बात कही है।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि आम रास्ते से अतिक्रमण हटाने और सीमाज्ञान की कार्रवाई शीघ्र पूर्ण की जाए, ताकि आमजन को आवागमन में हो रही परेशानियों से राहत मिल सके।