व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ नगरपालिका दांता की बैठक आयोजित
प्रदीप कुमार सैनी
दांतारामगढ़ / सीकर (नवयत्न)। दांता नगरपालिका द्वारा नगर की स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने एवं आमजन में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता नगरपालिका दांता के अधिशाषी अधिकारी भूपेश शर्मा ने की।
बैठक में अधिशाषी अधिकारी भूपेश शर्मा ने सभी व्यापारियों से अपील करते हुए कहा कि प्रत्येक दुकान पर कचरा पात्र रखना अनिवार्य है। उन्होंने निर्देश दिए कि चाय के गिलास, प्लास्टिक सामग्री एवं अन्य अनुपयोगी वस्तुओं को इधर-उधर फेंकने के बजाय दुकान पर रखे कचरा पात्र में ही डाला जाए तथा बाद में उसे नगरपालिका द्वारा निर्धारित कचरा पात्रों अथवा कचरा संग्रहण वाहन में डालकर उचित निस्तारण किया जाए।
उन्होंने बताया कि नगर की स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए 10 जून तक सभी दुकानदारों को अपनी-अपनी दुकानों पर कचरा पात्र रखना होगा। निर्धारित तिथि के बाद निरीक्षण के दौरान जिन दुकानों पर कचरा पात्र नहीं पाया जाएगा, उनके विरुद्ध नगरपालिका नियमों के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।
बैठक के दौरान अधिशाषी अधिकारी ने नगर को प्लास्टिक मुक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रस्ताव भी रखा। उन्होंने सुझाव दिया कि सप्ताह में एक दिन “नो प्लास्टिक डे” मनाया जाए, जिससे आमजन एवं उपभोक्ताओं में जागरूकता बढ़े और भविष्य में दांता नगरपालिका क्षेत्र को पूर्ण रूप से नो प्लास्टिक जोन बनाने का मार्ग प्रशस्त हो सके।
इस अवसर पर व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने भी अपनी समस्याएं प्रशासन के समक्ष रखीं। व्यापारियों ने नगर की नालियों की नियमित सफाई, बरसात के दौरान होने वाले जलभराव तथा गंदगी की समस्या के शीघ्र समाधान की मांग की। उन्होंने कहा कि स्वच्छता अभियान के साथ-साथ इन मूलभूत समस्याओं का निराकरण भी आवश्यक है।
बैठक में नगरपालिका प्रशासन एवं व्यापारिक संगठनों के बीच स्वच्छ, सुंदर एवं प्लास्टिक मुक्त दांता के निर्माण को लेकर सकारात्मक चर्चा हुई तथा सभी पक्षों ने सहयोगात्मक प्रयासों पर सहमति व्यक्त की।