जलाशयों से पानी निकासी को लेकर दिए निर्देश
अमित प्रजापत
सुजानगढ़ (नवयत्न) । मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के मानसून से पहले नगर निकायों को दिए गए निर्देशों का असर फील्ड में देखने को मिल रहा है। सुजानगढ़ में मानसून की बारिश से पहले अधिकारियों की टीम फील्ड में उतरी है। नगरपरिषद के प्रशासक और उपखंड अधिकारी ओमप्रकाश वर्मा, तहसीलदार व नगरपरिषद के कार्यवाहक आयुक्त गिरधारीलाल पारीक ने शहर की चापटिया तलाई, वाल्मिकी बस्ती तलाई, दुलिया तलाई का निरीक्षण किया, गेनाणी का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उपखंड अधिकारी वर्मा ने सभी पंपों को निरन्तर चालू रखने के निर्देश दिए। साथ ही सभी नालों की सफाई के निर्देश भी दिए। कार्यवाहक आयुक्त गिरधारीलाल पारीक ने नगरपरिषद के सफाई निरीक्षक ओमप्रकाश को कहा कि प्रयास किया जाए कि सभी तलाईयों का पानी मानसून से पहले खाली कर दिया जाए, ताकि शहर में पुनः जलभराव की स्थिति नहीं बने। आयुक्त गिरधारीलाल पारीक ने बताया कि चापटिया तलाई पर खुले पड़े गड्ढ़े को कवर करने के निर्देश दिए गए हैं। इसी प्रकार इसी प्रकार एक सप्ताह तक मोटर लगातार चालू रखकर तलाई खाली करने के लिए कहा गया है। वाल्मिकी बस्ती स्थित तलाई की मोटर नए पंप हाउस में शिफ्ट करने के लिए कहा गया है। इस तलाई की सफाई के लिए 4.81 लाख के टेंडर प्रस्तावित कर दिए गए हैं, जो जल्द ही खुलेंगे। इसी प्रकार दुलिया तलाई के पंप हाउस में मोटर का टेंडर प्रस्तावित किया गया है, जो कि 14 मई को खोला जावेगा। नाथोतालाब पर निरीक्षण के दौरान पंप हाउस के पास 8 ईंच पाईप जोड़े जाने के लिए कहा गया है। यहां पर 12 ईंच की लाईन डल रही है। गेनाणी के दोनों मोटरों को कम से कम 12 घंटे चलाने के लिए कहा गया है तथा गणेश मंदिर के सामने स्थित नालों की सफाई के लिए सफाई निरीक्षकों को निर्देशित किया गया है। इस दौरान नगरपरिषद के सहायक नगर नियोजक उदय सिंह गुर्जर, सहायक अभियंता चारवी, राजस्व अधिकारी मुन्नालाल मीणा सहित नगरपरिषद के अनेक कार्मिक मौजूद रहे।