जलदाय विभाग के उदासीन रवैये से आमजन परेशान
ग्रामीण क्षेत्रों में नहीं हुयी टैंकरों से जलापूर्ति
नीमकाथाना,(हरीश देवन्दा)16 मई। ग्रीष्मकाल में पेयजल आपूर्ति करने के लिए प्रशासन द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में टैंकरों से पानी सप्लाई कर उनकी आपूर्ति करती है। लेकिन इस वर्ष 20 अप्रैल को टेंडर होने के बावजूद भी अभी तक ग्रामीण क्षेत्रों में पानी के टैंकर नहीं लगाए गए जिस कारण आमजन व पानी से जूझ रही महिलाएं खासी परेशान हो रही हैं।
नीमकाथाना, खण्डेला, अजीतगढ़, श्रीमाधोपुर ग्रामीण व शहर, रींगस के टेंडर की अंतिम तिथि 20 अप्रैल थी। इसके बावजूद भी विभागीय अधिकारियों के अपने कर्तव्य के प्रति उदासीनता व लापरवाही के कारण आज तक सरकारी योजना गांवों में शुरू नहीं हुई तथा पानी के टैंकरो का संचालन नहीं हुआ। इस भयंकर गर्मी के मौसम में आम जनता पीने के पानी के लिए तरस रही है। जबकि जल परिवहन का कार्य टेंडर की अंतिम तिथि 20 अप्रैल के 2 या 3 दिन में ही चालू हो जानी चाहिए थी। गांव ढाणियों की बेबस जनता एक तरफ तो कोरोना के संकट से परेशान है वहीं दूसरी तरफ भीषण गर्मी में पेयजल संकट से परेशान हो रही है। लोगों का कहना है कि इस प्रकरण में दोषी अधिकारियों के खिलाफ विभागीय एवं कानूनी कार्यवाही की जावे।
इस बारे में जलदाय विभाग के अधीशासी अभियंता मायाराम सैनी ने बताया कि गांव ढाणियों की लिस्ट एसडीएम कार्यालय में पहुंचा दो वहां से उस लिस्ट को स्थानीय विधायक, तहसीलदार, उपखंड अधिकारी, विकास अधिकारी, जलदाय विभाग के सहायक अभियंता जांच कर जितने पानी के टैंकरों की स्वीकृति देंगे हम शीघ्र ही पानी के टैंकरों की सप्लाई शुरू करवा देंगे।