क्रॉस कंट्री चैम्पियनशिप में झुंझुनू और पिलानी की टीमें विजेता

दिनेश जाखड़
गुढ़ा (नवयत्न)। पण्डित दीनदयाल उपाध्याय शेखावाटी विश्वविद्यालय, सीकर की अन्तर महाविद्यालय क्रॉस कंट्री चैम्पियनशिप 2026 का आयोजन गुरुवार को सेठ श्री केदारनाथ मोदी राजकीय महाविद्यालय, गुढ़ा में हुआ। प्रतियोगिता में विश्वविद्यालय से सम्बद्ध राजकीय एवं निजी महाविद्यालयों की 33 टीमों के करीब 87 खिलाड़ियों ने भाग लिया। महाविद्यालय की वरिष्ठ संकाय सदस्य डॉ. सरोज नैनीवाल ने हरी झंडी दिखाकर दौड़ का शुभारम्भ किया। प्रतियोगिता महाविद्यालय परिसर से हुकमपुरा-बामलास रोड पर पुलिस एवं एम्बुलेंस की समुचित व्यवस्था के बीच आयोजित हुई। प्रतियोगिता के पुरुष वर्ग की टीम चैम्पियनशिप में इन्द्रमणि मंडेलिया कॉलेज, पिलानी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि महिला वर्ग में जे.बी. शाह कॉलेज, झुंझुनूं की टीम विजेता रही।
व्यक्तिगत स्पर्धा में इन खिलाड़ियों ने मारी बाजी
पुरुष वर्ग की व्यक्तिगत स्पर्धा में लक्ष्मी सह शिक्षा महाविद्यालय, इस्लामपुर के युवराज ने प्रथम, अजीतगढ़ पीजी कॉलेज के तपिस शर्मा ने द्वितीय तथा इन्द्रमणि मंडेलिया कॉलेज, पिलानी के राहुल कटारिया ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। महिला वर्ग में जे.बी. शाह कॉलेज, झुंझुनू की भावना नेगी प्रथम और इसी कॉलेज की आरती द्वितीय स्थान पर रही। एस.एन.के.पी. राजकीय महाविद्यालय, नीमकाथाना की निशा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। समापन समारोह में मुख्य अतिथि एवं महाविद्यालय प्राचार्य प्रो. अनिता झाझड़िया ने विजेता खिलाड़ियों एवं टीम प्रबंधकों को पुरस्कार प्रदान किए। उन्होंने खिलाडियों का उत्साहवर्धन करते हुए भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया। आयोजन सचिव डॉ. कुलदीप ढाका ने प्रतियोगिता के सफल आयोजन में सहयोग के लिए विश्वविद्यालय पर्यवेक्षक सुरेन्द्र सिंह, विश्वविद्यालय चेयरमैन नॉमिनी सरिता जाट, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र गुढ़ा तथा नागरिक एवं पुलिस प्रशासन का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का मंच संचालन डॉ. सुमन सैनी ने किया। इस अवसर पर डॉ. बंशीलाल, डॉ. जितेन्द्र डी. सोनी, डॉ. सुशील कुमार शर्मा, डॉ. विजेन्द्र सिंह तंवर, डॉ. नरेश कुमार, मनीष, प्रवीण ढेवा, मधुसूदन सिंह सहित महाविद्यालय के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।

You might also like