किसान सभा की तहसील कमेटी की बैठक, सदस्यता अभियान पर चर्चा

निसं
बिसाऊ (नवयत्न)। शहीद स्मारक पर रविवार को अखिल भारतीय किसान सभा (एआईकेएस) की तहसील कमेटी की बैठक आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता तहसील उपाध्यक्ष मोहिदीन खान ने की। जिला संयुक्त सचिव अरविंद गढ़वाल पर्यवेक्षक के रूप में मौजूद रहे। तहसील महासचिव संदीप सर्वा ने बताया कि बैठक में किसानों की समस्याओं, सदस्यता अभियान और आगामी कार्यक्रमों को लेकर चर्चा की गई। इसमें 10 अगस्त को जिला मुख्यालय पर किसान सभा की ओर से प्रस्तावित जेल भरो आंदोलन में भाग लेने का निर्णय लिया गया। बैठक में विभिन्न गांवों की तहसील स्तर की मांगों को लेकर चर्चा की गई। साथ ही किसानों से जनसंपर्क कर नए सदस्यों को संगठन से जोडऩे, संगठन में अनुशासन बनाए रखने और किसानों की विभिन्न समस्याओं को लेकर आगे की रणनीति पर विचार-विमर्श किया गया। बैठक में बनवारी लाल जांगिड़, गिरधारी लाल, पवन शर्मा, हरिसिंह, प्यारेलाल, मोहनलाल, संत कुमार गर्वा, मनदीप बसेरा, राकेश कुमार, संदीप कुमार, सुनील, नवनीत, संदीप सर्वा और जिला संयुक्त सचिव अरविंद गढ़वाल सहित कार्यकर्ता मौजूद रहे।

You might also like