टिड्डी से प्रभावित किसानों को मुआवजा देने की मांग
किसान सभा ने दिया एसडीएम को ज्ञापन
चिड़ावा,(विजेंद्र सिंह लमोरिया)20 मई। उपखण्ड क्षेत्र में टिड्डी दल से हुए नुकसान का सर्वे करवाकर प्रभावित गांवों के किसानों को तुरंत प्रभाव से मुआवजा देने की मांग को लेकर भारतीय किसान सभा की ओर से उपखंड अधिकारी को ज्ञापन दिया गया। किसान सभा के संयुक्त सचिव गोविंद सिंह बारहठ के नेतृत्व में दिए ज्ञापन में लिखा है कि जिले के मलसीसर से टिड्डी दल प्रवेश कर बगड़ होते हुए उपखण्ड क्षेत्र के पदमपुरा, किशोरपुरा, श्यामपुरा व रास्ते में आए अन्य गांवों में होते हुए सिंघाना एवं खेतड़ी पहुंचा।
उपखण्ड के प्रभावित गांवों का तुरन्त सर्वे करवाकर उचित मुआवजा दिलवाएं क्योंकि लॉक डाउन के कारण पहले से ही किसानों की आर्थिक हालत बदतर होती जा रही है। टिड्डी दल ने फसल, सब्जी, फलदार पौधों एवं खेजड़ी तक के पौधों को तहस-नहस कर दिया है। किसान सभा के तहसील अध्यक्ष बजरंग लाल बराला ने तुरंत प्रभाव से किसानों को मुआवजा देने की मांग की है।