श्रमिक संगठनों ने की केटीएसएस को दी जा रही सुविधाओं को बंद करने की मांग
खेतड़ी नगर,(विपुल पारीक)15 मई। केसीसी प्रोजेक्ट के विभिन्न श्रमिक संगठनों ने केटीएसएस को दी जा रही सुविधाओं को बंद करने के लिए केसीसी महाप्रबंधक को ज्ञापन दिया।
खेतड़ी कॉपर मजदूर संघ के महामंत्री श्यामलाल सैनी, राष्ट्रीय कॉपर मजदूर संघ के महामंत्री चुन्नीलाल मीणा, खेतड़ी कॉपर मजदूर मोर्चा के महामंत्री बलजीतसिंह एवं खेतड़ी कॉपर श्रमिक फ्रंट के महामंत्री राजकुमार बाडेटिया ने ज्ञापन के मार्फत बताया कि केसीसी प्रबंधन द्वारा केटीएसएस की मान्यता समाप्त कर दी जिसके बाद भी बगैर किराए के क्वार्टर, बिजली, पानी, टेलिफोन, वाहन आदि की सुविधाएं दी जा रही है।
ज्ञापन में बताया कि केटीएसएस कार्यालय पर मान्यता प्राप्त लिखा हुआ है उसे हटवाने, गठित की गई समितियों को निरस्त कर नई कमेटियों का गठन, संस्थान में कार्यरत सभी ट्रेड यूनियन प्रतिनिधित्व को शामिल कर नई कमेटियां जैसे उत्पादन, उत्पादकता, सुरक्षा, भविष्य निधि, खेलकूद समिति, क्वार्टर आवंटन समिति सहित अन्य कमेटियों का पुन: गठन किया जाए।
साथ ही ज्ञापन में बताया कि लोकडाउन की अवधि के दौरान हुए उत्पादन घाटे को ध्यान में रखते हुए उत्पादन कार्य पुन: चालू करने, सुरक्षित संचालन प्रक्रिया तैयार करने, उत्पादन को उच्च स्तर पर ले जाने की रणनीति बनाने के लिए सभी ट्रेड यूनियनों की संयुक्त समिति बनाकर विभिन्न विषयों पर चर्चा करने की मांग की।